Home Remedies To Lower Cholesterol In Hindi: हमारी शरीर की नसों व धमनियों में दो तरह का कोलेस्ट्रॉल बहता है - एचडीएल और एलडीएल। एचडीएल को अच्छा कोलेस्ट्रॉल माना जाता है, वहीं एलडीएल को गंदा या खराब कोलेस्ट्रॉल कहा जाता है। धमनियों में दोनों ही कोलेस्ट्रॉल का स्तर संतुलित होना आवश्यक है। क्योंकि धमनियों में खराब कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढ़ने पर कई गंभीर रोगों का खतरा बहुत बढ़ जाता है। हाई कोलेस्ट्रॉल की स्थिति में व्यक्ति की नसों में अच्छा कोलेस्ट्रॉल कम और गंदा कोलेस्ट्रॉल काफी बढ़ जाता है, जिसकी वजह से नसें संकुचित होने लगती हैं। गंदा कोलेस्ट्रॉल नसों व धमनियों की परतों पर चिपक जाता है और जमने लगता है। लंबे समय में इसकी वजह से नसें बहुत संकुचित हो जाती हैं, जिसकी वजह से नसों में रक्त का दबाव बढ़ने लगता है। इस स्थिति में ब्लड प्रेशर बढ़ने लगता है। अगर कोलेस्ट्रॉल को समय रहते कंट्रोल नहीं किया जाता है, तो यह एक समय आपने पर नसों को ब्लॉक भी कर सकता है, जिससे नर्व डैमेज, हार्ट अटैक, हार्ट फेलियर, ब्रेन हेमरेज, ब्रेन स्ट्रोक आदि जैसी समस्याएं देखने को मिल सकती हैं। ये स्थितियां व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु का कारण बन सकती हैं। ऐसे में हमेशा यह सलाह दी जाती है कि डॉक्टर से उपचार लें। अच्छी बात यह है कि डॉक्टर के दिए उपचार, जीवनशैली में कुछ बदलाव और कुछ घरेलू नुस्खों की मदद से आप आसानी से गंदे को कोलेस्ट्रॉल को नसों से बाहर निकाल सकते हैं। इस लेख में जानें कोलेस्ट्रॉल कम करने के घरेलू उपाय।
कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए घरेलू नुस्खे - Home Remedies For Cholesterol Control In Hindi
लहसुन
अध्ययन में पाया गया है कि कच्चा लहसुन खाने से कोलेस्ट्रॉल कम होता है और हृदय स्वास्थ्य में सुधार होता है। लहसुन में एलिसिन नामक एक्टिव कंपाउंड होता है, जिसमें शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट प्रभाव होते हैं। यह गंदे कोलेस्ट्रॉल को कम करता है। सुबह खाली पेट लहसुन की कली को काटकर या चबाकर खाएं।
अदरक
इसमें जिंजरोल्स और शोगोल्स नामक एक्टिव कंपाउंड होते हैं। यह एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होती है। अध्ययन में अदरक के नियमित सेवन को कोलेस्ट्रॉल कम करने में प्रभावी दिखाया है। सुबह अदरक की चाय, पानी में अदरक उबालकर पीने या सीधे तौर पर चबाने से सेहत को बहुत लाभ मिल सकते हैं।
मेथी दाना
कोलेस्ट्रॉल रोगियों के लिए ये बीज भी बहुत लाभकारी होते हैं। इन छोटे पीले बीजों में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। साथ ही, ये सॉल्युबल फाइबर से भी भरपूर होते हैं, जो नसों में जमा गंदे कोलेस्ट्रॉल को कम करने और अच्छा कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने में मदद करते हैं। सुबह खाली पेट मेथी के बीज का पानी पिएं और साथ-साथ इन बीजों को भी चबाकर खाएं।
हल्दी
यह पीला मसाला एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होता है। इसमें मौजूद करक्यूमिन कोलेस्ट्रॉल को नसों से पिघलाकर बाहर निकालने में बहुत प्रभावी है। भोजन में इस अद्भुत मसाले को शामिल करें। आप हल्दी का पानी या हर्बल चाय भी पी सकते हैं। सोने से पहले हल्दी वाला दूध भी पी सकते हैं।
तुलसी
यह औषधीय गुणों का पावर हाउस है। इसमें कुछ ऐसे यौगिक होते हैं, जो कोलेस्ट्रॉल कम करने में हमारी मदद कर सकते हैं। तुलसी की पत्तियों को पानी में उबालकर पीने या तुलसी की चाय पीने से कोलेस्ट्रॉल कम करने में बहुत मदद मिलेगी।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
