हेल्थ

लगातार रहती है थकान और कमजोरी, बार-बार होता है बुखार- कहीं हेपेटाइटिस तो नहीं, लिवर की सूजन की कैसे करें पहचान

Liver Swelling Symptoms: लिवर हमारे शरीर का जरूरी अंग हैं। इसके थोड़ा बीमार होते ही शरीर में कई तरह की समस्याएं आने लगती हैं। अगर आपको लगातार थकान और कमजोरी महसूस होती है तो ये हेपेटाइटिस के लक्षण हो सकते हैं। बार-बार आता बुखार भी यही चेताता है। पढ़ें ये जरूरी जानकारी।

Image

Liver Swelling Symptoms

Liver Swelling Symptoms: लिवर हमारे शरीर का एक ऐसा अंग है जो बिना रुके कई जरूरी काम करता है। जैसे- खून साफ करना, खाना पचाना और शरीर को ताकत देना। लेकिन जब यही लिवर बीमार हो जाता है, तो पूरा शरीर कमजोर पड़ने लगता है। हेपेटाइटिस एक ऐसी बीमारी है, जिसमें लिवर में सूजन आ जाती है। शुरू में हमें इसके लक्षण पता भी नहीं चलते, और जब तक समझ में आता है, तब तक लिवर को काफी नुकसान हो चुका होता है। अगर समय रहते जानकारी हो, तो हेपेटाइटिस को रोका और ठीक किया जा सकता है। यह जानना बहुत जरूरी है कि यह बीमारी कैसे होती है, इसके लक्षण क्या हैं और इससे कैसे बचा जाए?

हेपेटाइटिस क्या होता है, इसके क्या नुकसान हैं

क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, हेपेटाइटिस लिवर की सूजन को कहते हैं। यह बीमारी अधिकतर वायरल इंफेक्शन की वजह से होती है। इससे लिवर कैंसर, लिवर फेलियर और लिवर से संबंधित दूसरी कई बीमारियां हो सकती हैं। हेपेटाइटिस दो तरह का होता है: एक्यूट हेपेटाइटिस - इसमें लक्षण अचानक शुरू होते हैं। यह बीमारी छह महीने के अंदर ठीक हो जाती है। इसमें बुखार, थकान, पेट दर्द आदि कुछ दिनों या हफ्तों तक होते हैं और फिर ठीक हो जाते हैं। दूसरा क्रॉनिक हेपेटाइटिस - इसमें हेपेटाइटिस लंबे समय तक रहता है, यानी छह महीने से ज्यादा। यह धीरे-धीरे बिगड़ता जाता है और लिवर को नुकसान पहुंचा सकता है। अगर समय पर इलाज न हो तो यह लिवर फेलियर या लिवर कैंसर तक पहुंच सकता है।

हेपेटाइटिस के लक्षण

शुरू में हेपेटाइटिस के लक्षण धीरे-धीरे या बहुत हल्के हो सकते हैं, इसलिए तुरंत पता नहीं चलता। इसके आम लक्षण में दस्त, थकावट, कमजोरी, बुखार, मतली या भूख न लगना, पेट के दाईं ऊपरी तरफ दर्द शामिल हैं। वहीं, अगर हेपेटाइटिस लंबे समय से है, तो इसके गंभीर लक्षण हो सकते हैं, जिसमें भूलने लगना, नींद जैसा महसूस होना, पेशाब का रंग गहरा होना और मल का रंग हल्का होना, त्वचा पर खुजली होना, त्वचा या आंखों के सफेद हिस्से पर पीलापन आना आदि।

हेपेटाइटिस से कैसे बचें

हेपेटाइटिस से बचने के लिए हमेशा उबला या फिल्टर शुद्ध पानी पिएं, बाहर का खुला खाना खाने से बचें। हेपेटाइटिस के लिए सुरक्षित और प्रभावी वैक्सीन उपलब्ध हैं। हेपेटाइटिस संक्रमित के संपर्क में हों तो उनके टूथब्रश, रेजर आदि चीजें साझा न करें। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं की हेपेटाइटिस बी की जांच एवं संक्रमण की पुष्टि होने पर तत्काल उपचार कराएं और स्वच्छ व ताजा खाना खाएं। डॉक्टरों की सलाह पर ही डाइट और दवाइयां लें।

इनपुट : आईएएनएस

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article