Times Now Navbharat
live-tv
Premium

बर्बाद न हो बस इसलिए खा लेते हैं प्लेट में बचा एक्स्ट्रा खाना, जानिए कैसे इस 1 गलती से शरीर बन रहा बीमारियों का घर

Overeating Health Risks: भले ही प्लेट में बचा खाना खत्म करना और बर्बाद होने से बचाना आपको एक अच्छी आदत लग सकती है, लेकिन लंबे समय में यह आदत आपकी सेहत पर भारी भी पड़ सकती है। जानिए कैसे यह सिर्फ मोटापा नहीं, कई गंभीर बीमारियों को न्योता है।

Image
खाने की प्लेट साफ करने के चक्कर में लोग हो रहे बीमार
Authored by: विनीत
Updated Jun 19, 2026, 13:06 IST
Follow on Google News

Overeating Health Risks: जब भी हम अपनी खाने की प्लेट पूरी खत्म नहीं करते हैं, तो तुरंत मम्मी कहती हैं 'प्लेट में खाना मत छोड़ो बेटा, इससे अन्न का अपमान होता है।' बचपन में तो आपने दादी, नानी या मम्मी से हममें से ज्यादातर लोगों ने यह बात जरूर सुनी होगी। बल्कि कई बार तो प्लेट में खाना छोड़ने पर डांट भी पड़ती थी। वजह भी सही थी, क्योंकि अन्न को सम्मान देने और खाने की बर्बादी रोकने की सीख बचपन से दी जाती रही है।

यही कारण है कि आज भी जब हमारी प्लेट में थोड़ा-सा खाना बच जाता है, तो हम उसे फेंकने के बजाय किसी तरह खत्म करने की कोशिश करते हैं। चाहे पेट पूरी तरह भर चुका हो, फिर भी मन में यही चलता रहता है कि खाना बर्बाद नहीं होना चाहिए। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि सिर्फ प्लेट खाली करने के लिए खाया गया यह एक्स्ट्रा खाना आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है (Overeating Side Effects)?

अमृत अस्पताल के इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ और सीनियर कंसल्टेंट डॉ. धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि खाना बर्बाद करना गलत है, लेकिन पेट भर जाने के बाद भी खाते रहना भी शरीर के लिए अच्छा नहीं है। यह छोटी-सी आदत धीरे-धीरे वजन बढ़ने, पेट की परेशानियों और दूसरी कई स्वास्थ्य समस्याओं की वजह बन सकती है। इसलिए जरूरी है कि हम खाने का सम्मान भी करें और अपने शरीर की जरूरत को भी समझें।

पेट भर गया है तो शरीर की बात भी सुनिए

हमारा शरीर हमें समय-समय पर संकेत देता रहता है। जब पेट भर जाता है तो शरीर बता देता है कि अब और खाने की जरूरत नहीं है। लेकिन अक्सर हम उस संकेत को नजरअंदाज कर देते हैं।

अमृता अस्पताल फरीदाबाद की क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. चारू दुआ कहती हैं कि बार-बार पेट भरने के बाद खाना खाने से शरीर की प्राकृतिक भूख और तृप्ति को पहचानने की क्षमता कमजोर पड़ सकती है। धीरे-धीरे व्यक्ति को यह समझना मुश्किल हो जाता है कि उसे वास्तव में कितनी मात्रा में खाना चाहिए।

शरीर की बात सुनना जरूरी है

शरीर की बात सुनना जरूरी है

जरूरत से ज्यादा खाना और बढ़ता वजन

एक्सपर्ट्स कहते हैं अगर शरीर को रोज जरूरत से ज्यादा खाना मिलता रहेगा, तो उसका असर वजन पर दिखना शुरू हो जाता है। अतिरिक्त ऊर्जा शरीर में चर्बी के रूप में जमा होने लगती है।

शुरुआत में यह बदलाव छोटा लगता है, लेकिन समय के साथ पेट निकलना, वजन बढ़ना और थकान महसूस होना आम बात हो सकती है। कई लोग यह समझ ही नहीं पाते कि उनकी यह आदत भी बढ़ते वजन की एक वजह हो सकती है।

सिर्फ मोटापा नहीं दूसरी बीमारियों का खतरा भी

डॉ. धर्मेंद्र कुमार बताते हैं ज्यादा खाना सिर्फ आपका वजन ही नहीं बढ़ाता, बल्कि कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम भी बढ़ा सकता है। लंबे समय तक जरूरत से ज्यादा खाना खाने से शरीर के लिए ब्लड शुगर को नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है। यही कारण है कि ऐसी आदतें आगे चलकर डायबिटीज और दिल से जुड़ी परेशानियों का खतरा बढ़ा सकती हैं।

आदत एक बीमारियां अनेक

आदत एक बीमारियां अनेक

खाना खाने के बाद पेट भारी लगता है

क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि खाना खाने के बाद पेट भारी लगने लगता है, गैस बनती है या आलस महसूस होता है? बता दें कि इसकी एक बड़ी वजह भी जरूरत से ज्यादा खाना भी हो सकता है। जब हम जरूरत से ज्यादा खा लेते हैं तो पेट को भोजन पचाने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इसका असर अपच, गैस, पेट फूलने और बेचैनी के रूप में सामने आ सकता है। अगर यह आदत रोज की बन जाए तो परेशानी भी बार-बार हो सकती है।

भारतीय घरों में क्यों होती है यह गलती

हमारे यहां मेहमाननवाजी और खाने को लेकर खास भावनाएं जुड़ी होती हैं। कई बार लोग प्यार से इतना खाना परोस देते हैं कि व्यक्ति जरूरत से ज्यादा खा लेता है। वहीं कुछ लोग सिर्फ इसलिए खाना खत्म करते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि खाना छोड़ना गलत है।

असल में गलती खाना छोड़ने में नहीं, बल्कि जरूरत से ज्यादा परोसने में है। अगर शुरुआत में थोड़ी मात्रा ली जाए तो न खाना बर्बाद होगा और न ही शरीर पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

लोग कहां कर रहे गलती

लोग कहां कर रहे गलती

खाना बर्बाद होने से बचाएं मगर सेहत भी संभालें

एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि अगर खाना बच जाए तो उसे फेंकने की बजाय बाद में खाया जा सकता है या सही तरीके से स्टोर किया जा सकता है। सबसे अच्छा तरीका है कि प्लेट में उतना ही खाना लें जितनी भूख हो।

याद रखिए, सेहतमंद रहने का मतलब सिर्फ अच्छा खाना खाना नहीं है, बल्कि सही मात्रा में खाना भी है। पेट भरने के बाद सिर्फ प्लेट साफ करने के लिए खाना खाना आपकी सेहत के लिए फायदे का सौदा नहीं है।

एक्सपर्ट्स की क्या है सलाह

हेल्थ एक्सपर्ट्स मानते हैं कि खाना बर्बाद करना गलत आदत है, लेकिन पेट भरने के बाद भी खाना खाते रहना भी सही नहीं है। शरीर की जरूरत को समझना और उसी हिसाब से खाना खाना अच्छी सेहत की सबसे जरूरी आदतों में से एक है। अगली बार जब प्लेट में थोड़ा खाना बच जाए, तो खुद से एक सवाल जरूर पूछिए - क्या मुझे सच में भूख है, या मैं सिर्फ प्लेट खाली करने के लिए खा रहा हूं? यही छोटा सा फैसला आपकी सेहत को लंबे समय तक बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकता है।

End of Article