क्या आप भी घंटों तक कानों में ईयरबड्स लगाकर म्यूजिक सुनना या फोन पर बात करना पसंद करते हैं। यदि हां तो आपका ये शौक आपको काफी भारी पड़ सकता है। ईयरबड्स का अधिक इस्तेमाल न केवल आपके कानों को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इससे आपको गंभीर सिर में दर्द की समस्या भी हो सकती है। इसके अलावा आपके कान में इंफेक्शन का कारण भी ईयरबड्स का इस्तेमाल हो सकता है। आज इस लेख में हम आपको विस्तार से बताएंगे कि कैसे आपके पसंदीदा ईयरबड्स आपकी सेहत को बिल्कुल पसंद नहीं आते हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...
ईयरबड्स से हो सकती है ये हेल्थ प्रॉब्लम
ईयरबड्स का घंटों तक इस्तेमाल करने से आपको गंभीर सिरदर्द की समस्या हो सकती है। जो आगे चलकर माइग्रेन में बदल सकती है। इसके अलावा इसका ज्यादा इस्तेमाल आपको नींद न आने का कारण भी बन सकता है। जिसे मेडिकल भाषा में अनिद्रा या स्लीप एपनिया की समस्या कहा जाता है। ईयरबड्स के सबसे गंभीर नुकसान की बात करें तो इससे आपकी सुनने की क्षमता में काफी बुरा असर देखने को मिलता है। बहुत से लोगों को इससे परमानेंट हीयरनिंग लॉस का सामना भी करना पड़ा है।कितना यूज करना है सेफ?
आपने एक कहावत जरूर सुनी होगी कि 'अति सर्वत्र वर्जयेत्'। यानी अति सभी जगह वर्जित है। ईयरबड्स के इस्तेमाल में यह कहावत बिल्कुल फिट बैठती है। आपको बता दें कि ईयरबड्स का इस्तेमाल 60 मिनट से ज्यादा न करने की सलाह हेल्थ एक्सपर्ट अक्सर देते हैं। यदि आप इससे ज्यादा ईयरबड्स का इस्तेमाल करते है, तो आपको आज ही अपनी इस आदत को बदल देना चाहिए।
60:60 का नियम करें फॉलो
ईयरफोन के इस्तेमाल के लिए हेल्थ एक्सपर्ट्स 60:60 का नियम फॉलो करने की सलाह देते हैं। इस नियम के अनुसार आपको 1 दिन में केवल 60 मिनट ईयरफोन का इस्तेमाल करना चाहिए और इसके साथ ही आपको इसकी वॉल्यूम के 60% से ज्यादा नहीं रखना चाहिए। हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो ऐसा करने से आपकी सेहत पर ईयरफोन के प्रभाव को काफी कम किया जा सकता है।
