Best Drink To Detox Liver And Promote Weight Loss In Hindi: अगर आप भी दिनभर सोच-समझकर कम खाते हैं, बाहर का फास्ट फूड नहीं छूते, मीठा भी छोड़ रखा है लेकिन फिर भी वजन कम नहीं हो रहा, तो एक बार आपको अपना लिवर चेक करवाने की जरूरत है। क्योंकि हो सकता है कि आपकी सारी मेहनत सिर्फ इसलिए बेअसर हो रही हो क्योंकि लिवर पर जरूरत से ज्यादा टॉक्सिन्स और फैट जमा हो गया है।
डायटीशियन और इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर मनप्रीत कालरा, जो हार्मोन और गट हेल्थ की एक्सपर्ट हैं, उन्होंने हाल ही में एक आसान घरेलू ड्रिंक शेयर किया है जो लिवर को ठंडक देता है, डिटॉक्स करता है और मेटाबॉलिज्म तेज करके वजन घटाने में मदद करता है। यहां जानें इसके बारे में...
लिवर सही नहीं तो वेट लॉस भी रुक जाता है
डायटीशियन मनप्रीत के मुताबिक अगर लिवर पर ज्यादा बोझ पड़ जाए तो वह फैट और शुगर को शरीर से निकाल नहीं पाता। इसका असर सीधे हमारे पेट पर दिखता है, खासकर लोअर बेली पर चर्बी जमा होने लगती है। और तब लोग सोचते हैं कि कम खा रहे हैं फिर भी मोटापा क्यों नहीं जा रहा। असल में, जब तक लिवर साफ नहीं होगा, मेटाबॉलिज्म ठीक से काम नहीं करेगा और वजन कम करना भी मुश्किल ही रहेगा।
डायटीशियन ने बताया देसी लिवर टी का नुस्खा
डायटीशियन ने जो देसी ड्रिंक बताया है, उसमें पुदीना, धनिया, जीरा, अदरक, नींबू, नारियल पानी और सब्जा जैसे साधारण लेकिन असरदार चीजें शामिल हैं। ये सारी चीजें मिलकर लिवर को डिटॉक्स करती हैं, सूजन और गर्मी कम करती हैं और शरीर के टॉक्सिन्स बाहर निकालने में मदद करती हैं। आपको बस सभी सामग्रियों को कूटकर या मिक्सर जार में डालकर पीस लेना है, उसके बाद नारियल पानी और नींबू का रस मिला लेना है। अब आप इसे पी सकते हैं।
पेट की चर्बी और सूजन दोनों से दिलाए राहत
इस ड्रिंक को रोज़ सुबह या दोपहर में एक बार पिया जाए तो इससे पेट की सूजन धीरे-धीरे कम होने लगती है। सब्जा और नारियल पानी शरीर को ठंडक देते हैं, जबकि नींबू और जीरा फैट ब्रेकडाउन में मदद करते हैं। जिससे बेली फैट कम होने लगता है।
महिलाओं के लिए फायदेमंद
डायटीशियन का कहना है कि ये ड्रिंक उन महिलाओं के लिए भी फायदेमंद है जिनका वजन हार्मोनल गड़बड़ी की वजह से बढ़ा हुआ है। इससे लिवर की गर्मी कम होती है और हार्मोन बैलेंस होने में मदद मिलती है। साथ ही पाचन तंत्र भी बेहतर होता है।
डेली रूटीन में शामिल करना है आसान
इस देसी ड्रिंक को बनाना भी बहुत आसान है और पीना भी एक फ्रेश एक्सपीरियंस जैसा लगता है। इसमें न तो कोई कैमिकल है, न कोई महंगी चीज। बस सुबह 5 मिनट निकालकर इसे तैयार करें और 30 दिन तक लगातार पिएं। फर्क नज़र आने लगेगा।
डायटीशियन की सलाह
डायटीशियन का कहना है, “हम वजन घटाने के लिए खाना कम करते हैं, लेकिन शरीर अंदर से क्लीन न हो तो कुछ फर्क नहीं पड़ता। ये ड्रिंक लिवर को अंदर से साफ करता है, जिससे मेटाबॉलिज्म दोबारा एक्टिव होता है और फैट खुद ब खुद घटने लगता है।”
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
