रोज एक बाउल पालक का सूप पीने से होंगे ये कमाल, लेकिन ये लोग भूलकर भी न करें सेवन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 28, 2022, 06:13 PM IST

Benefits Of Palak Soup: पालक को हमेशा से सेहत के लिए अच्छा माना जाता है, इसमें फाइबर की मात्रा भरपूर मात्रा में पाई जाती है, इसी तरह पालक का सूप भी सेहत के लिए फायदेमंद है।

रोज एक बाउल पालक का सूप पीने से होंगे ये कमाल, लेकिन ये लोग भूलकर भी न करें सेवन

Palak Soup Vitamins: वैसे तो सभी सूप सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं, लेकिन जब बात पालक के सूप की हो तो इसके गुणों की गिनती बहुत ज्यादा है। आयरन से भरपूर पालक में कैल्शियम, सोडियम, प्रोटीन, विटामिन-ए, विटामिन सी, क्लोरीन और फाइबर भरपूर मात्रा में होता है। ऐसे में इसका सूप नियमित रूप से पीना सेहत के लिए बेहद लाभकारी है। पालक का सूप रोज डाइट में शामिल करने से पाचन संबंधी परेशानियां दूर होती हैं। साथ ही कई प्रकार के फायदे मिलते हैं। रोज एक बाउल पालक का सूप पीना आपके शरीर से जुड़ी कई समस्याओं का समाधान कर सकता है। 

इनके लिए अमृत है पालक का सूप 

विशेषज्ञ बताते हैं कि हर उम्र के लोगों के लिए पालक का सूप पीना बेहद फायदेमंद है। सूप बनाते समय इसमें आंवला या टमाटर भी डालना चाहिए, जिससे इसके गुण और भी बढ़ जाते हैं। कैल्शियम होने के कारण पालक का सूप हड्डियों और मांसपेशियों दोनों के लिए ही अच्छा है। इसके साथ ही इसमें भरपूर मात्रा में आयरन होता है, जिससे यह न सिर्फ इम्यूनिटी बढ़ाता है, बल्कि एनिमिया को भी दूर करता है। इन्हीं गुणों के कारण गर्भवतियों के लिए यह सूप अमृत समान है। क्योंकि गर्भावस्था के दौरान शरीर में आयरन की भी कमी हो जाती है और पालक का सूप इसे पूरा करने का सीधा स्रोत है।  

हार्मोन बैलेंस में लाता है सुधार
सीनियर क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट डॉ अंजली पाठक का कहना है कि पालक का सूप सेहत से भरपूर है। इसका नियमित सेवन शरीर की सूजन को भी कम करता है। अपने पोषक तत्वों के कारण यह सूप हार्मोन के बैलेंस को भी सुधारता है। ऐसे में यह पीसीओडी और पीसीओएस से पीड़ित युवतियों और महिलाओं के लिए भी लाभकारी है। इसमें प्रीबायोटिक होता है जिसके कारण पालक का सूप पेट की परेशानियां ठीक करता है। यही कारण है कि यह वेट लॉस में भी कारगार है। अपनी डाइट में रोज रात को एक बाउल पालक का सूप और उसके साथ दलिया लें, कुछ ही दिनों में आपका वजन कम होने लगेगा। 


ये न करें इस सूप का सेवन 
डॉ अंजली के अनुसार वैसे तो यह सूप बेहद सेहतमंद है, लेकिन फिर भी कुछ लोगों के लिए इसका सेवन नुकसानदायक हो सकता है। डायरिया से पीड़ित लोगों को इसका सेवन नहीं करना चाहिए। नहीं तो इससे परेशानी ठीक होने की जगह, बढ़ सकती है।

(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

End of Article