Health Tips: हम में से कई लोग ऐसे हैं, जो मौसम या वातावरण में थोड़े-बहुत बदलाव होने पर बीमार पड़ जाते हैं। क्या आपने इसके पीछे की वजह जानने की कोशिश की है? अगर नहीं, तो जरूर जान लें। बार-बार बीमार पड़ना सामान्य नहीं है, यह आपके शरीर में कई तरह की कमियों के कारण हो सकता है। मुख्य रूप से शरीर में हार्मोंन असंतुलित होने पर आप अधिक बीमार पड़ते हैं। इसके अलावा कई अन्य कारण हो सकते हैं, जिसकी वजह से आप बीमार पड़ रहे हैं। आज हम आपको इस लेख में बार-बार बीमार पड़ने की वजह के बारे में बताएंगे। आइए जानते हैं बार-बार बीमार पड़ने के पीछे क्या है बड़ी वजह?
बार-बार बीमार पड़ने की वजह?
कमजोर इम्यूनिटी
अगर आप बार-बार बीमार हो रहे हैं तो इसके पीछे आपकी कमजोर इम्यूनिटी हो सकती है। इम्यूनिटी कमजोर होने से आपके शरीर का रोगों से लड़ने की क्षमता खत्म हो जाती है। उम्र और लाइफस्टाइल के कारण लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम और ज्यादा हो सकती है, जो आपकी बीमारी की सबसे बड़ी वजहों में से एक है।
शरीर में पोषक तत्व की कमी
हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो शरीर में पोषक तत्वों की कमी के कारण भी आप बार-बार बीमार पड़ रहे हैं। अगर आपके शरीर में प्रोटीन की कमी है, तो आपकी मांसपेशियां कमजोर होती हैं। वहीं, फैट अधिक है तो दिल कमजोर होने लगता है। आयरन की कमी होने पर हीमोग्लोबिन की कमी होने लगती है। ऐसे में आप शारीरिक रूप से कमजोर और थका हुआ महसूस करते हैं। इसलिए बार-बार बीमार पड़ने पर अपना फुल बॉडी चेकअप जरूर कराएं।
हार्मोन का संतुलन होना
शरीर में हार्मोन का असंतुलन होना भी बार-बार बीमार पड़ने की वजह हो सकती है। हार्मोन्स असंतुलित होने के कई कारण हो सकते हैं, जिसमें महिलाओं को मोनोपॉज होना, प्रेग्नेंसी, तनावग्रस्त इत्यादि हो सकते हैं। इसके अलावा कुछ बीमारियों की वजह से भी हार्मोन असंतुलित हो सकते हैं।
खराब लाइफस्टाइल
खराब जीवनशैली की वजह से आप बार-बार बीमार पड़ सकते हैं। अगर आप रोजाना व्यायाम नहीं करते हैं या फिर खानपान में गड़बड़ी रकरते हैं, अधिक फैटयुक्त खाना खाते हैं, तो यह सभी चीजें आपके बीमार पड़ने की वजह हो सकती हैं।
केमिकलयुक्त खानपान
आधुनिक समय में फ्रेश साग-सब्जियों में भी केमिकल होने की संभावना होती है। कई लोग सब्जियों और फलों को जल्द से जल्द उगाने के लिए इंजेक्शन का इस्तेमाल करते हैं, जो आपके शरीर को अंदर से खोखला कर रहे हैं। इसके अलावा इस तरह की चीजों का सेवन करने से कैंसर का भी खतरा बढ़ता है।
(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)
