A2 Cow Ghee Benefits In Hindi: हम सब चाहते हैं कि हमारा शरीर अंदर से इतना मजबूत हो कि कोई भी बीमारी पास ना आए। लेकिन आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में थकान, तनाव, सिरदर्द, नींद की कमी और बाल झड़ने जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। ऐसे में अगर आपको कोई एक ऐसा उपाय मिल जाए जो इन सारी दिक्कतों में राहत दे और शरीर को अंदर से मजबूत बना दे, तो? आयुर्वेदिक डॉक्टर और इंस्टाग्राम हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. दीक्षा भावसार (BAMS Ayurveda) के मुताबिक A2 देसी गाय का घी एक ऐसा ही जादुई फूड है। खासकर जब इसे "नस्य" पद्धति से नाक में डाला जाए, तो इसके फायदे और भी चौंकाने वाले होते हैं।
नाक से मिलती है दिमाग को ताकत
आयुर्वेद में कहा गया है "नासा ही शिरसो द्वारं", यानी नाक हमारे मस्तिष्क का द्वार है। डॉ. दीक्षा बताती हैं कि जब हम देसी गाय का शुद्ध घी हल्का गुनगुना करके नाक में सिर्फ 2 बूंद डालते हैं, तो वो सीधा दिमाग तक पहुंचता है और वहां जाकर नसों को पोषण देता है। इससे सिरदर्द, माइग्रेन, आंखों की थकान, चक्कर आना और नींद की परेशानी में राहत मिलती है।
इम्यूनिटी को बनाता है फौलादी
अगर आपको बार-बार सर्दी-खांसी होती है, या छोटी-छोटी चीजों से एलर्जी हो जाती है, तो ये संकेत है कि आपकी इम्यूनिटी कमजोर है। डॉ. दीक्षा के मुताबिक नस्य करने से इम्यून सिस्टम मजबूत होता है। उनके कई मरीजों को थायरॉइड, रुमेटॉइड आर्थराइटिस और मल्टीपल स्क्लेरोसिस जैसी ऑटो-इम्यून बीमारियों में भी राहत मिली है।
तनाव, चिड़चिड़ापन और नींद की परेशानी में राहत
जो लोग हर वक्त थके-थके रहते हैं, छोटी-छोटी बातों पर चिढ़ जाते हैं या उन्हें रात को नींद नहीं आती, उनके लिए नस्य थेरेपी बहुत कारगर है। घी दिमाग को ठंडक देता है और मानसिक रूप से शांत करता है। डॉ. दीक्षा कहती हैं कि आप बस रात को सोने से पहले दोनों नाक में 2 बूंद हल्का गर्म घी डालें, फिर देखें कैसे गहरी नींद और मानसिक सुकून मिलने लगता है।
बालों, आंखों और कानों की सेहत के लिए भी फायदेमंद
घी का नस्य करने से न सिर्फ दिमाग, बल्कि आंखों की रोशनी, कानों की सुनने की क्षमता और बालों की सेहत में भी सुधार आता है। बाल झड़ना, समय से पहले सफेद होना या आंखों की धुंधली रोशनी जैसी दिक्कतों में भी राहत मिलती है।
बचाव भी है ये तरीका
अगर आप अभी बीमार नहीं हैं, तब भी नस्य थेरेपी आपके लिए फायदेमंद है। डॉ. दीक्षा कहती हैं कि A2 गाय का घी सबको सूट करे, ये जरूरी नहीं। ऐसे में "अनु तेल" एक अच्छा विकल्प है जिसे डॉक्टर की सलाह से इस्तेमाल किया जा सकता है। लेकिन अगर घी आपको सूट करता है, तो इसे अपनी डेली रूटीन में शामिल करना शरीर के लिए अमृत के समान है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी सिर्फ जागरूकता के लिए है। नस्य थेरेपी को अपनाने से पहले आयुर्वेदिक डॉक्टर से सलाह जरूर लें। प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
