Gurugram Crime News: दो शराबी बेटे कर रहे थे अपनी मां की पिटाई, बचाने पहुंची पुलिस तो उनकी भी कर दी धुनाई

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 5, 2022, 03:33 PM IST

Gurugram Crime News: गुरुग्राम के फाजिलपुर गांव में अपनी मां को पीट रहे बेटों से बचाने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट की गई। शराब के नशे में धुत्‍त दो भाईयों ने दो पुलिसकर्मियों को लात घूंसे से जमकर पीटा और उनकी वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस ने दोनों भाईयों पर आपराधिक मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

Gurugram Crime News: दो शराबी बेटे कर रहे थे अपनी मां की पिटाई, बचाने पहुंची पुलिस तो उनकी भी कर दी धुनाई
Photo Credit: Representative Image

Gurugram Crime News: जिले के फाजिलपुर गांव में अपनी मां की पिटाई कर रहे दो बेटों को पकड़ने गई पुलिस खुद पिटाई की शिकार हो गई। शराब के नशे में युवकों ने महिला को बचाने पहुंचे पुलिसकर्मियों को जमकर लात घूंसे से पीटा और उनकी वर्दी भी फाड़ दी। मारपीट में चोटिल पुलिसकर्मियों को सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका अभी भी इलाज चल रहा है। वहीं दोनों भाइयों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, फाजिलपुर गांव के रहने वाले विनोद और सुंदरपाल शराब पीकर अपनी मां को पीट रहे थे। मां ने अपने बचाव के लिए पुलिस सहायता के लिए डायल 112 पर सूचना दी। जिसके बाद इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल पर तैनात चालक सिपाही बलराम यादव, इंचार्ज वेद सिंह और सिपाही विकास रात 12 बजे मौके पर पहुंचे। महिला ने पुलिसकर्मिया को बताया कि उसके दोनों बेटे शराब पीकर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। पूछताछ के दौरान विनोद और सुंदर पाल भी बाहर आ गए और पुलिसकर्मियों के साथ बदतमीजी शुरू कर दी।

विरोध किया तो शुरू कर दी पलिसकर्मियों की पिटाई

पुलिस ने बताया कि सिपाही बलराम ने जब दोनों भाईयों के बदतमीजी का विरोध किया तो वे सिपाही बलराम को लात घुसा से पीटने लगे और सिपाही की वर्दी भी फाड़ दी। सिपाही बलराम के साथ मौजूद अन्‍य दोनों पुलिस कर्मियों ने इसकी सूचना तत्‍काल राइडर को दी। जिसके बाद राइडर चालक सिपाही दिनेश और एसपीओ जसवंत ने भी मौके पर बचाव शुरू किया, लेकिन नशे में चूर दोनों आरोपियों ने राइडर चालक दीपेश के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। साथ ही पुलिसकर्मियों को धमकी दी कि, वे वहां से फौरान चले जाएं, नहीं तो जान से मार देंगे। इस घटना के बाद दोनों भाईयों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। जहां पर घायल सिपाही बलराम ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज किया जा रहा है। वहीं गिरफ्तार दोनों भाईयों से पुलिस पूछताछ करने में जुटी है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!