Ekta Kapoor To Reprise Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi: डेली सोप क्वीन एकता कपूर ने टीवी को कई ऐसे सीरियल्स दिये हैं जिन्होंने छोटे पर्दे पर इतिहास रच दिया है। 'कसौटी जिंदगी की' से लेकर 'कहानी घर घर की' जैसे एकता कपूर के कई शो आज भी लोगों के दिलों-दिमाग में बसे हुए हैं। एकता कपूर के कल्ट शोज में 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' (Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi) भी शामिल है, जो दर्शकों का पसंदीदा रहा है और आज भी लोग उसे देखना पसंद करते हैं। खास बात तो यह है कि एकता कपूर एक बार फिर से इस शो के साथ इतिहास रच सकती हैं। इतना ही नहीं, एकता कपूर (Ekta Kapoor) के इस शो में ओरिजनल कास्ट यानी स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय ही अहम भूमिका में नजर आएंगे।
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, एकता कपूर (Ekta Kapoor) ने 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' (Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi) के साथ छोटे पर्दे पर फिर से तूफान मचाने का फैसला कर लिया है। हालांकि इस बार ये शो सीमित एपिसोड की एक सीरीज होगा, जिसकी तैयारी जोरों-शोरों पर चल रही है। खबरों की मानें तो एकता कपूर और उनकी टीम 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' की वापसी के लिए अपनी कमर कस चुकी हैं। लेकिन अभी मेकर्स मामले को छुपाने की पूरी-पूरी कोशिश कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि "क्योंकि सास भी कभी बहू थी' (Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi) की वापसी के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री और एक्ट्रेस स्मृति ईरानी भी बेहद क्साइटेड हैं। शो से जुड़े सूत्र का कहना है कि स्मृति ईरानी खुद को किरदार में ढालने के लिए खूब मेहनत कर रही हैं। सीरियल का ओपनिंग शॉट बिल्कुल वैसे ही होगा, जैसे पिछले शो में तुलसी सबका स्वागत घर परिवार में करती दिखाई दी थी। इसके साथ ही ये भी खबर है कि 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' की शूटिंग उसी सेट पर उसी जगह होगी, जिससे दर्शक ज्यादा से ज्यादा खुद को शो से जोड़ सकें। हालांकि अभी इसपर आधिकारिक टिप्पणी आनी बाकी है।
