Khatron Ke Khiladi 11: खतरों के खिलाड़ी-11 के टेलिकास्ट होंगे सिर्फ 12 एपिसोड, सेलेब्स की हो रही भारत वापसी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 16, 2021, 04:19 PM IST

KKK 11 Update Shooting And Episodes: खतरों के खिलाड़ी के इस सीजन की शूटिंग करीब डेढ़ महीने चलने वाली थी और 22 जून को सभी सितारों का भारत लौटने का कार्यक्रम था। लेकिन अब मेकर्स ने एक बड़ा फैसला लिया है।

Khatron Ke Khiladi 11: खतरों के खिलाड़ी-11 के टेलिकास्ट होंगे सिर्फ 12 एपिसोड, सेलेब्स की हो रही भारत वापसी

खतरों के खिलाड़ी टेलीविजन के सबसे चर्चित रियलिटी शोज में से एक है। जब से नए सीजन की घोषणा हुई है फैन्स लगातार इससे जुड़ी अपडेट पढ़ना पसंद कर रहे हैं। इस बार रोहित शेट्टी के टीवी शो खतरों के खिलाड़ी की शूटिंग केप टाउन, दक्षिण अफ्रीका में हो रही है। आगामी सीजन में एक से बढ़कर एक टीवी और बॉलीवुड सेलेब्रिटीज ने हिस्सा लिया है। 

दिव्यांका त्रिपाठी, निक्की तंबोली, अभिनव शुक्ला, अर्जुन बिजलानी, राहुल वैद्य, अनुष्का सेन, सना मकबूल, सौरभ राज जैन, श्वेता तिवारी, आस्था गिल, वरुण सूद और महक चहल जैसी हस्तियां खतरों के खिलाड़ी-11 का हिस्सा हैं। शो की शूटिंग के लिए 6 मई को सभी सेलेब्स केप टाउन के लिए रवाना हुए थे। वैसे तो खतरों के खिलाड़ी के इस सीजन की शूटिंग करीब डेढ़ महीने चलने वाली थी और 22 जून को सभी सितारों का भारत लौटने का कार्यक्रम था। इतना ही नहीं रोहित शेट्टी के शो की पूरी कास्ट और क्रू के लिए वापसी टिकट पहले से बुक करा लिए गए थे। लेकिन अब प्लान में बड़ा बदलाव सामने आ रहा है और बताया जा रहा है कि खतरों के खिलाड़ी-11 काफी कम वक्त के लिए टीवी पर टेलिकास्ट होगा। 

दरअसल COVID-19 प्रतिबंधों ने खतरों के खिलाड़ी के मेकर्स को प्लान में बदलने पर मजबूर कर दिया है। बताया जा रहा है कि अब पूरा क्रू और सेलेब्स निर्धारित अवधि से पहले ही भारत वापस लौट आएंगे। 

एक सूत्र ने बताया है, 'पूरी टीम अगले महीने भारत लौटने वाली थी और टिकट भी बुक हो गए थे। हालांकि, दुनिया भर में चल रही महामारी और COVID मामलों में वृद्धि को देखते हुए निर्माताओं से अनुरोध किया गया है कि वे जल्द से जल्द शूटिंग पूरी करें। ऐसे में खतरों के खिलाड़ी की सिर्फ 12 एपिसोड की शूटिंग होगी और एक महीने के अंदर टीम वापस लौट आएगी।'

आपको बता दें, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन निश्चित रूप से यह न केवल निर्माताओं के लिए बल्कि दर्शकों के लिए भी एक बड़ा झटका है, जो इस रियलिटी शो का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

End of Article