Jhalak Dikhhla Jaa 10: काजोल नहीं ये एक्ट्रेस करेंगी 'झलक दिखला जा' को जज, पहले भी रह चुकी हैं शो का हिस्सा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 4, 2022, 08:46 AM IST

Jhalak Dikhhla Jaa 10: डांस रिएलिटी शो झलक दिखना जा पांच साल बाद वापसी कर रहा है। खबरें थीं कि एक्ट्रेस काजोल इसे जज करती दिखेंगी, हालांकि उन्होंने इसे करने से इंकार कर दिया है।

Jhalak Dikhhla Jaa 10: काजोल नहीं ये एक्ट्रेस करेंगी 'झलक दिखला जा' को जज, पहले भी रह चुकी हैं शो का हिस्सा
Photo Credit: Instagram

टेलिविजन के सबसे पसंदीदा डांस रिएलिटी शोज में से एक 'झलक दिखला जा' पांच साल बाद वापसी कर रहा है। शो के आने वाले दसवें सीजन को लेकर खबरें थीं कि एक्ट्रेस काजोल इसे जज करती नजर आएंगी, जिसे लेकर फैंस काफी एक्साइटेड थे। लेकिन अब हालिया खबरों के मुताबिक एक्ट्रेस इस शो में जज के तौर पर नजर नहीं आएंगी।

ये एक्ट्रेस जज करेंगी शो

इस डांस रिएलिटी शो का आखिरी सीजन साल 2017 में आया था। इसके बाद अब पांच साल के लंबे समय बाद इसका दसवां सीजन आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फाइनल हो चुका है कि इस सीजन में जज के तौर पर काजोल नहीं बल्कि माधुरी दीक्षित नजर आएंगी। हालांकि काजोल ने शो के लिए क्यों इंकार किया है, इसकी वजह सामने नहीं आई है। मालूम हो कि माधुरी साल 2014 तक इस शो की जज थीं। इसके बाद शाहिद कपूर और जैकलीन फर्नानडिज जज के तौर पर शो का हिस्सा बने। हालांकि इस सीजन में शाहिद और जैकलीन शो में जज के तौर पर नजर नहीं आएंगे। 

कब शुरू होगा शो

ईटाइम्स की खबर के मुताबिक माधुरी ने कुछ दिन पहले ही शो से जुड़ने का फैसला किया है। एक सूत्र ने शो से माधुरी के जुड़ने के बारे में बात करते हुए ईटाइम्स को कहा, 'माधुरी के लिए यह घर वापसी जैसा होगा। उन्होंने अब तक जितने भी सीजन को जज किया, उनमें अच्छा काम किया और उम्मीद है कि इस बार भी वही होगा। जज के रूप में काजोल को देखना भी उतना ही रोमांचक होता, लेकिन कुछ चीजें आपकी सोच के मुताबिक नहीं होतीं।' बता दें कि यह शो सितंबर महीने में शुरू होगा। 

शाहरुख खान भी होंगे जज?

बता दें कि शो के जज के तौर पर बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान का नाम भी सामने आया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक शाहरुख को जज के लिए अप्रोच किया गया था। हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि उन्होंने इसके लिए हां कहा है या नहीं। वहीं इसके अलावा कोरियोग्राफर फराह खान भी शो को जज करेंगी।

End of Article