साउथ स्टार विजय देवरकोंडा (Vijay Deverakonda) अपनी अपकमिंग फिल्म ‘रणबाली’ (Ranabaali) को लेकर सुर्खियों में हैं। रजनीकांत की ‘जेलर 2’ से बॉक्स ऑफिस पर होने वाली भिड़ंत के बीच विजय ने सोशल मीडिया पर चल रही बहस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग पैसे लेकर ‘रणबाली’ के खिलाफ माहौल बना रहे हैं और दूसरी फिल्म को बढ़ावा दे रहे हैं। विजय के इस बयान ने दोनों फिल्मों के बीच मुकाबले को लेकर चल रही चर्चा को और तेज कर दिया है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-'1 हफ्ते पहले कॉल किया...' Nana Patekar की मौत से Hema Malini को लगा झटका)
विजय देवरकोंडा का फूटा गुस्सा
गुरुवार को हैदराबाद में ‘रणबाली’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान विजय ने इस मुद्दे पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर ‘जेलर 2’ को ‘रणबाली’ से बेहतर बताने वाली कुछ पोस्ट असली दर्शकों की राय नहीं हैं, बल्कि उन्हें जानबूझकर फैलाया जा रहा है। दोनों फिल्में एक दिन के अंतर से सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली हैं। ‘जेलर 2’ 15 अक्टूबर को, जबकि ‘रणबाली’ 16 अक्टूबर को रिलीज होगी। विजय ने कहा, 'सबसे पहले, हम इसे नफरत भी नहीं कह सकते, क्योंकि इसमें से 90 प्रतिशत बातें बनावटी हैं। कुछ लोग एक तय समय पर रील्स डाल रहे हैं और कह रहे हैं कि वे तेलुगु फिल्म ‘रणबाली’ के बजाय ‘जेलर 2’ देखना पसंद करेंगे।'
विजय देवरकोंडा ने आगे कहा कि हर व्यक्ति को अपनी राय रखने का हक है, लेकिन जब सोशल मीडिया पर हर जगह एक जैसी बातें दिखाई देने लगें, तो यह समझना जरूरी है कि कहीं इसके पीछे कोई योजना तो नहीं है। विजय ने कहा, 'आज जिन हमलों के लिए लोगों को पैसे दिए जा रहे हैं, कल वही काम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) करेगा। इसे कोई नहीं रोक सकता। जो लोग आज पैसे दे रहे हैं, वे ही एक दिन ऐसा करना बंद कर देंगे।' एक्टर ने यह भी सवाल उठाया कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल किसी को नीचे गिराने के बजाय अच्छी चीजों को बढ़ावा देने के लिए क्यों नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि किसी की मेहनत को कमतर दिखाने से आखिर क्या हासिल होता है।
