Raimohan Parida dies: उड़िया फिल्म अभिनेता रायमोहन परिदा का निधन, घर में फंदे से लटका मिला शव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 25, 2022, 08:11 AM IST

Raimohan Parida dies: प्रसिद्ध उड़िया अभिनेता और जात्रा कलाकार रायमोहन परिदा शुक्रवार को भुवनेश्वर के प्राची विहार स्थित अपने आवास पर लटके पाए गए।

Raimohan Parida dies: उड़िया फिल्म अभिनेता रायमोहन परिदा का निधन, घर में फंदे से लटका मिला शव

Raimohan Parida dies: प्रसिद्ध उड़िया अभिनेता और जात्रा कलाकार रायमोहन परिदा शुक्रवार को भुवनेश्वर के प्राची विहार स्थित अपने आवास पर लटके पाए गए। शुरुआती जांच में ये बात सामने आई है कि 58 वर्ष के परिदा ने खुदकुशी की है। खबर मिलते ही मंचेश्वर पुलिस के अधिकारी उसके घर पहुंचे और शव को बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए राजधानी अस्पताल भेज दिया गया है। आत्महत्या करने के पीछे का कारण अभी भी स्पष्ट नहीं है।

रायमोहन के असमय निधन की खबर से पूरी उड़िया फिल्म जगत सदमे में है। रायमोहन परिदा के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं। एक बेटी की शादी हो गई, जबकि वह पत्नी और दूसरी बेटी के साथ प्राची विहार के एक फ्लैट में रह रहे थे। रायमोहन परिदा क्योंझर जिले के मूल निवासी थे। उनका जन्म 10 जुलाई 1963 को हुआ था और उन्होंने 100 से अधिक उड़िया और बंगाली फिल्मों में अभिनय किया।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने जताया दुख

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी उनके निधन पर दुख जताया है। पटनायक ने ट्वीट कर कहा, रायमोहन परिदा के असामयिक निधन के बारे में जानकर दुखी हूं। उनकी अनुपस्थिति हमेशा कला के विभिन्न क्षेत्रों में महसूस की जाएगी, नाटक से लेकर जात्रा और फिल्म तक। उन्हें उनके त्रुटिहीन अभिनय के लिए याद किया जाएगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी सच्ची संवेदना।

उड़िया फिल्म जगत सदमे में

उड़िया फिल्म निर्देशक चंडी पारिजा ने कहा, "मुझे अभी तक विश्वास नहीं हो रहा है कि रायमोहन जैसा व्यक्ति आत्महत्या कर सकते हैं। और वह आत्महत्या क्यों करेंगे? उनका अपना घर है, एक बेटी की शादी हो चुकी है और वह आर्थिक रूप से काफी मजबूत थे।" सिद्धांत महापात्रा ने कहा, "यह विश्वास करना कठिन है कि ऐसा अभिनेता, जिसने जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं, ऐसा कुछ करने के बारे में सोच सकता है। क्योंकि वह काफी सफल रहे।"

End of Article