Javed Akhtar on Virat's retirement: भारतीय क्रिकेट के चमकते सितारे विराट कोहली ने बीते दिनों टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा करके पूरे देश को चौंका दिया। पूर्व क्रिकेटर्स से लेकर सिनेमाजगत के सितारे विराट को रिटायरमेंट से दुखी हैं और उनसे गुजारिश कर रहे हैं कि वो अपने फैसले पर दोबारा विचार करें। सोशल मीडिया पर लगातार विराट के फैंस उनकी वापसी की मुहिम चला रहे हैं, जिसमें लेखक जावेद अख्तर भी शामिल हो गए हैं। जावेद अख्तर ने एक ट्वीट के जरिए कहा है कि विराट में अभी काफी क्रिकेट बाकी है और उन्हें फील्ड पर दोबारा लौटना चाहिए।
लेखक जावेद अख्तर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा है, 'विराट मुझसे बेहतर जानते हैं कि उन्हें कब रिटायर होना है लेकिन ग्रेट प्लेयर का फैन होने के नाते मैं कहना चाहता हूं कि उन्होंने रिटायरमेंट का फैसला लेने में जल्दबाजी की है। मुझे ऐसा लगता है कि उनमें काफी क्रिकेट बाकी है। मैं दिल से ये गुजारिश करना चाहता हूं कि वो अपने फैसले पर दोबारा विचार करें।'
जावेद अख्तर के इस ट्वीट को लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है और कमेंट में लोग लगातार विराट से टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने की गुजारिश कर रहे हैं। फैंस का मानना है कि अगर विराट को टेस्ट क्रिकेट से विदाई ही लेनी है तो वो ले लें लेकिन सिर्फ एक सोशल मीडिया पोस्ट के साथ नहीं बल्कि फील्ड से। विराट कोहली भारतीय टेस्ट क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तान रहे हैं, जिस कारण फैंस उन्हें फील्ड से विदाई लेते देखना चाहते हैं।
विराट कोहली के रिटायरमेंट के कई कारण सामने आ रहे हैं, जिनमें से एक ये बताया जा रहा है कि भारतीय सलेक्टर्स ने उनकी तरफ देखना बंद कर दिया था, जिसके बाद विराट ने रिटायरमेंट का फैसला लिया। इनसाइड रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि विराट कोहली खुद टेस्ट क्रिकेट से विदाई नहीं लेना चाहते थे।
