टाइगर श्रॉफ की पिछली कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पायी हैं। एक वक्त बॉलीवुड के अगले एक्शन स्टार कहे जाने वाले टाइगर श्रॉफ का करियर डामाडोल चल रहा है, जिस कारण कई सारे निर्माता उनसे दूरी बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे ही दौर में टाइगर श्रॉफ की अपकमिंग फिल्म हीरो नं. 1 को लेकर खबर सामने आई थी कि यह ठंडे बस्ते में चली गई है। फिल्म हीरो नं. 1 की शूटिंग इस साल जनवरी के महीने से शुरू होने वाली थी लेकिन मेकर्स ने इसे अब तक शुरू नहीं किया है।, जिस कारण ऐसी बातें हो रही हैं कि ये फिल्म अब हमेशा-हमेशा के लिए बंद हो गई है।
मीडिया में फैल रही ऐसी खबरों पर हीरो नं. 1 के डायरेक्टर जगन शक्ति ने चुप्पी तोड़ी है और कहा है कि टाइगर श्रॉफ के फैंस को ऐसी खबरों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। डायरेक्टर के अनुसार फिल्म हीरो नं. 1 बंद नहीं हुई है और जल्द ही इसकी शूटिंग शुरू हो जाएगी। जगन शक्ति के अनुसार, 'हम फिल्म हीरो नं. 1 की शूटिंग इस साल जनवरी से शुरू करने वाले थे लेकिन टाइगर दूसरी फिल्म में बिजी थे। उन्हें उसकी डबिंग खत्म करनी थी और फिल्म का प्रमोशन करना था, जिस कारण हम इसे शुरू नहीं कर पाए। टाइगर जल्द ही अपने पहले का काम निपटा लेंगे और उसके बाद हम हीरो नं. 1 की शूटिंग शुरू करेंगे। हमें उम्मीद है कि फिल्म हीरो नं. 1 जुलाई के महीने तक फ्लोर पर आ जाएगी।'
बताते चलें कि टाइगर श्रॉफ इन दिनों बड़े मियां छोटे मियां में व्यस्त हैं, जो ईद के मौके पर दर्शकों के सामने आएगी। इस फिल्म में टाइगर के साथ अक्षय कुमार, मानुषी छिल्लर और सोनाक्षी सिन्हा जैसे कलाकार दिखाई देंगे। फिल्म बड़े मियां छोटे मियां को मेकर्स बड़े स्तर पर प्रमोट कर रहे हैं क्योंकि ये इस साल की मेगा एक्शन एंटरटेनर है, जिसे बहुत बड़े बजट में बनाया गया है।
