Sunny Deol Movie Soorya: गदर 2 (Gadar 2) के साथ बॉक्स ऑफिस और इंडस्ट्री दोनों ही हिलाने वाले सनी देओल (Sunny Deol) इन दिनों बॉर्डर 2 और रामायण पार्ट 1 को लेकर चर्चा में हैं। उनकी इन दोनों ही मूवीज का इंतजार दर्शक लम्बे समय से कर रहे हैं लेकिन इसी बीच उनकी एक रुकी हुई मूवी को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सनी देओल ने अपनी रुकी हुई मूवी सूर्या का क्लाइमैक्स सीन लगभग 3 सालों के बाद शूट किया है। ये फिल्म 2021-22 के दौरान शुरू हुई थी और इसका आखिरी शेड्यूल 2022 में हुआ था। तब से ये मूवी रुकी पड़ी थी लेकिन मेकर्स की मेहनत से ये दोबारा फ्लोर पर लौट आई है।
फिल्म सूर्या के निर्माता दीपक मुकुट ने मिड-डे से बात करते हुए बताया है, "सनी देओल, रवि किशन और मनीष वाधवा ने कुछ दिनों पहले ही सूर्या का क्लाइमैक्स सीन शूट किया है। हमने सूर्या के क्लाइमैक्स सीन के लिए बहुत बड़ा सेट लगाया था, जहां इन तीनों एक्टर्स ने शूटिंग की है। सेट पर 350 एक्टर्स थे, जिनको कंट्रोल करना अपने आप में एक चुनौती थी। इस सीन में सनी देओल ने जबरदस्त एक्शन किया है, जो दर्शकों को खूब पसंद आएगा।"
दीपक मुकुट ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, "फिल्म सूर्या में सनी देओल एक केस लड़ते हुए दिखाई देंगे। साल 1993 में रिलीज हुई फिल्म दामिनी में दर्शकों ने उन्हें केस लड़ते हुए काफी एन्जॉय किया था। सालों बाद एक बार फिर से दर्शक सनी देओल को उसी अवतार में देख पाएंगे। फिल्म में सनी देओल जबरदस्त एक्शन भी करते दिखेंगे, जिसके लिए वो जाने जाते हैं। हम जल्द ही मूवी का पोस्ट-प्रोडक्शन भी शुरू करेंगे। हम सोच रहे हैं कि फिल्म सूर्या को अगले साल की शुरुआत में दर्शकों के सामने पेश किया जाए।"
