Satish Kaushik daughter Vanshika post: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता सतीश कौशिक ने 66 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। सतीश कौशिक होली के बाद एक दोस्त से मिलने के लिए गुरुग्राम पहुंचे थे, जहां कार में उनकी तबीयत खराब हुई और दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हो गई। जब सतीश कौशिक को अस्पताल पहुंचाया गया, तो डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सतीश कौशिक अपने पीछे पत्नी और एक 10 साल की बेटी वंशिका को छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि सतीश कौशिक के अचानक चले जाने से उनकी पत्नी सदमे में हैं और बातचीत करने की हालत में नहीं हैं। उनकी बेटी भी अपने पिता को खोने के बाद बहुत दुखी है। वंशिका ने अपने दुख को सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
वंशिका ने अपने पिता सतीश कौशिक के साथ एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें दोनों हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं। वंशिका ने इस तस्वीर के माध्यम से अपने पिता को अंतिम विदाई दी है। वंशिका की ये फोटो देखकर लोगों की आंखें नम हो गई हैं। लोग वंशिका को दुख के समय में संयम बनाए रखने के लिए कह रहे हैं और सतीश कौशिक के परिवार के लिए दुआएं मांग रहे हैं।
सतीश कौशिक के दोस्त रूमी जाफरी ने मीडिया से बात करते हुए बताया है कि एक्टर की आखिरी ख्वाहिश थी कि वो अपनी बेटी को सैटेल होते देख पाएं। रूमी जाफरी के अनुसार, सतीश चाहते थे कि उनकी बेटी उनके सामने खुद के पैरों पर खड़ी हो जाए, जो अधूरी रह गई है। सतीश कौशिक और रूमी जाफरी 30 सालों से दोस्त थे। सतीश कौशिक के इंडस्ट्री में कई दोस्त थे, जो उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए बीती शाम उनके घर पहुंचे थे।
