Salaam Venky box office collection: काजोल की फिल्म 'सलाम वेंकी' ने बड़े पर्दे पर दस्तक दे दी है। फिल्म को लेकर काफी समय से चर्चा थी और काजोल हर जगह इसका प्रमोशन करती नजर आ रही थीं। इतना ही नहीं काजोल और विशाल जेठवा स्टारर इस फिल्म के ट्रेलर लोगों से काफी ज्यादा तारीफें मिली थीं। इसके बावजूद फिल्म की पहले दिन की कमाई कुछ खास नहीं रही है।
जी हां, काजोल की फिल्म की ओपनिंग बहुत की फीकी रही है। काजोल और आमिर जैसे सितारों के बावजूद इस फिल्म को कुछ खास रिस्पॉन्स नहीं मिला है। इसी की नजीता ये रहा है कि ओपनिंग डे कलेक्शन मेकर्स को निराश करता नजर आ रहा है। बॉक्स ऑफिस के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म सलाम वेंकी का पहले दिन का कलेक्शन महज 60 लाख रुपये ही रहा है। इस फिल्म को लगभग 30 करोड़ के बजट से बनाया गया है। ऐसे में फिल्म को हिट होने के लिए वीकेंड पर अच्छा बिजनेस करना होगा।
यह फिल्म मां बेटे की कहानी है। फिल्म में विशाल वेंकी की भूमिका में हैं। वहीं काजोल ने उनकी मां सुजाता का रोल निभाया है। वैसे फिल्म समीक्षकों से इस फिल्म को काफी सराहना मिली है। समीक्षकों ने काजोल और विशाल की परफॉर्मेस की जमकर तारीफ की है, साथ ही रेवती के निर्देशन की भी जमकर सराहना हो रही है। उम्मीद लगाई जा रही है कि शनिवार और रविवार को फिल्म के बिजनेस में उछाल देखने को मिल सकता है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो काजोल इस फिल्म से पहले 'तान्हाजी द असंग वॉरियर' में दिखी थीं। इस फिल्म में उनके पति अजय देवगन लीड रोल में थे। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी। विशाल अब तक 'मर्दानी 2' के साथ कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं। जल्द ही उनको 'टाइगर 3' में देखा जाएगा।
