बॉलीवुड कलाकार सुशांत सिंह राजपूत ने कुछ साल पहले आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद से ही रिया चक्रवर्ती सवालों के घेरे में घिरी हुई थीं। लोगों ने रिया चक्रवर्ती पर तरह-तरह के आरोप लगाए और उन्हें सुशांत की मौत का जिम्मेदार बताया। कई साल की कानूनी लड़ाई के बाद रिया चक्रवर्ती को सीबीआई ने क्लीन चिट दे दी और सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की मृत्यु को आत्महत्या बताया। सीबीआई की रिपोर्ट के बाद साफ हो गया है कि सुशांत की मृत्यु में रिया का कोई योगदान नहीं था। बीते कुछ सालों में रिया को काफी कुछ झेलना पड़ा है लेकिन आखिरकार उन्हें न्याय मिल गया है और अब वो सिर उठाकर कहीं भी जा सकती हैं।
सीबीआई द्वारा दी गई रिपोर्ट के बाद रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) ने इंस्टाग्राम पर भाई शोविक के साथ एक इमोशनल पोस्ट किया है। इस पोस्ट में रिया और उनके भाई शोविक की एक तस्वीर भी है। ये तस्वीर शेयर करते हुए रिया चक्रवर्ती ने लिखा है, 'मेरे बेबी ब्रदर.... जिंदगी का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।' तस्वीर में रिया और शोविक के बीच का सॉलिड बॉन्ड साफ-साफ देखा जा सकता है।
रिया चक्रवर्ती ने जैसे ही ये तस्वीर शेयर की है, वैसे ही फैंस ने इस पर रिएक्ट करना शुरू कर दिया है। फैंस लगातार रिया के सपोर्ट में कमेंट कर रहे हैं और बोल रहे हैं कि वो काफी मजबूत इंसान हैं, जिन्होंने मुश्किल समय में काफी कुछ झेला है। एक व्यक्ति ने कमेटं में लिखा है, 'रिया तुम्हें और तुम्हारे भाई को बधाई हो। तुम लोगों ने काफी कुछ सहा है। भगवान करे तुम दोनों की आगे की जिंदगी अच्छी रहे।'
