Vineet Kumar in Nischaanchi: अनुराग कश्यप( Anurag Kshyap) की हालिया फिल्म ‘निशानची’ इन दिनों खूब चर्चा में है। फिल्म में कई बड़े कलाकार मौजूद हैं, लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है विनीत कुमार सिंह ( Vineet Kumar Singh) ने। भले ही फिल्म का हीरो नवोदित ऐश्वर्य ठाकरे हैं, जो डबल रोल में नजर आए हैं, लेकिन कहानी की असली जान विनीत कुमार सिंह का किरदार है। उनके किरदार के बाद से ही कहानी की असली शुरुआत होती है।
‘जबरदस्त’ है सबसे बड़ा सरप्राइज
विनीत कुमार सिंह फिल्म में ‘जबरदस्त’ नाम के पहलवान बने हैं। उनका रोल भले ही ज्यादा लंबा नहीं है, लेकिन उतने ही समय में वे पूरी फिल्म पर छा जाते हैं। ‘जबरदस्त’ का किरदार एक सीधा-सादा इंसान का है, जो कुश्ती के दम पर अपना भविष्य बनाना चाहता था, लेकिन हालात उसे गलत राह पर ले जाते हैं। फिल्म में वह हीरो ऐश्वर्य ठाकरे के पिता बने हैं और उनकी पत्नी ही निशानची कहलाती है। यही किरदार कहानी को आगे बढ़ाता है और फिल्म को गहराई देता है।
लगातार मजबूत हो रहा है करियर
विनीत कुमार सिंह ( Vineet Kumar Singh) का यह साल बेहद खास रहा है। ‘छावा’, ‘सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव’ और ‘रंगीन’ के बाद अब ‘निशानची’ में भी उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया है। फिल्म रिलीज से पहले उनके किरदार को गुप्त रखा गया था, लेकिन अब उनकी खूब तारीफ हो रही है।
इससे पहले ‘छावा’ में उन्होंने कवि कलश का ऐतिहासिक रोल निभाया था, जो दर्शकों के लिए यादगार साबित हुआ। विनीत कुमार सिंह की खासियत यही है कि वे हर फिल्म में नए अंदाज और नए रंग में नजर आते हैं। उनके अभिनय में दोहराव नहीं दिखता। यही वजह है कि उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी एक अलग जगह बना ली है। विनीत कुमार सिंह अपनी मेहनत और शानदार परफॉर्मेंस से दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ चुके हैं।
