शाहरुख खान (Shahrukh Khan) और दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) की फिल्म पठान (Pathaan) का पहला गाना बेशर्म रंग रिलीज होते ही विवादों में घिर चुका है। फिल्म में दीपिका की सिजलिंग स्टैप्स से लेकर उनकी ऑरेंज कलर की बिकिनी तक पर विरोध जताया जा रहा है। कई संगठनों का कहना है कि गाने में अश्लीलता को बढ़ावा दिया गया है। सोशल मीडिया पर इस फिल्म को बैन करने की मांग की जा रही है। पठान को लेकर अब एक्टर मुकेश खन्ना (Mukesh Khanna) ने अपनी राय रखी है। मुकेश खन्ना ने कहा कि इस तरह के गाने को सेंसर बोर्ड ने पास कैसे होने दिया? एक्टर ने कहा कि सेंसर बोर्ड कोई सुप्रीम कोर्ट नहीं है जिसका विरोध नहीं होना चाहिए।
एबीपी को दिए अपने इंटरव्यू में मुकेश खन्ना ने कहा कि गाने में अश्लीलता को बढ़ावा दिया जा रहा है। हमारा देश कोई स्पेन नहीं है, जो इस तरह के गाने लाए जा रहे हैं। अभी आधे कपड़ों में गाने बन रहे हैं।
मुकेश खन्ना ने गाने को लेकर जताया विरोध
कुछ समय बाद बिना कपड़ो के गाने बनने लगेंगे। ये सेंसर बोर्ड का काम है कि किसी की भावना को ठेस नहीं पहुंचे। इस तरह के गानों से युवाओं का दिमाग खराब हो जाएगा। ये गाना किसी ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए नहीं बनाया गया है। ये एक फिल्म है जिसे बड़े और बच्चे सब देखेंगे।
मुकेश खन्ना से पहले साध्वी प्रज्ञा और बीजेपी मंत्री नरोत्तम मिश्रा गाने को लेकर आपत्ति जता चुके हैं। नरोत्तम मिश्रा ने कहा था कि बशर्म रंग को गंदी मानसिकता के साथ शूट किया गया था। उन्होंने आगे कहा था कि फिल्म के इस गाने को सही तरीके से शूट करने की जरूरत है। हम इस फिल्म को एमपी में रिलीज नहीं होने देंगे। पठान में शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण के अलावा जान अब्राहम भी लीड रोल में हैं। ये फिल्म 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
