Kuttey Trailer Video: बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर काफी लम्बे समय से कुछ अलग करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके चक्कर में उनका करियर भी दांव पर लग गया है। अर्जुन कपूर (Arjun Kapoor) की पिछली कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही हैं लेकिन वो खुद को एक अभिनेता के तौर पर स्थापित करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। इसी कड़ी में अर्जुन कपूर विशाल भारद्वाज के बेटे आसमान भारद्वाज की फिल्म कुत्ते (Kuttey) लेकर आ रहे हैं, जिसमें उनके साथ तब्बू (Tabu), कुमुद मिश्रा, राधिका और कोंकणा सेन जैसे मंझे हुए कलाकार दिखाई देंगे।
कुत्ते के मेकर्स ने रिलीज किया कुत्ते का ट्रेलर
अर्जुन कपूर, तब्बू और कोंकणा सेन स्टारर फिल्म कुत्ते का ट्रेलर मेकर्स ने कुछ देर पहले ही दर्शकों के सामने पेश किया है। इस ट्रेलर को देखने के बाद एक बात तो साफ हो गई है कि आसमान भारद्वाज ने अपने पिता विशाल भारद्वाज की तरह की एकदम देसी मूवी बनाई है, जिसमें जमकर गालियां सुनाई देंगी। फिल्म कुत्ते का ट्रेलर इस बात की गवाही भी दे रहा है कि यह कहानी एकदम देसी होगी, जिसमें सभी पैसों के पीछे भागते दिखाई देंगे। आप कुत्ते का ट्रेलर नीचे देख सकते हैं:
13 जनवरी 2023 के दिन रिलीज होगी कुत्ते
अर्जुन कपूर और तब्बू स्टारर मूवी कुत्ते 13 जनवरी 2023 के दिन सिनेमाघरों में रिलीज होगी। एक वक्त था जब यह माना जाता था कि साल की शुरुआत में फिल्में रिलीज नहीं करनी चाहिए लेकिन कोरोना के बाद यह सोच पूरी तरह से बदल गई है। जिन मेकर्स को अपनी कहानी पर भरोसा होता है, वो अपनी फिल्म को कभी भी रिलीज करने के लिए तैयार रहते हैं। फिल्म कुत्ते की कहानी काफी हटकर लग रही है। आजकल ऐसी कहानियां ही दर्शकों को लुभा रही हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प रहेगा कि कुत्ते दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच पाएगी या नहीं? वैसे आपको कुत्ते का ट्रेलर कैसा लगा, हमें कमेंट में जरूर बताएं।
