Priyanka Chopra in Krrish 4: बॉलीवुड इंडस्ट्री के दिग्गज निर्माता और निर्देशक राकेश रोशन ने अपने एक्स अकाउंट के जरिए लोगों को एक बड़ा सरप्राइज दिया था। उन्होंने बताया था कि वो 'कृष 4' (Krrish 4) के निर्देशन की कमान अब बेटे ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan) के हाथों में दे रहे हैं। इस बात में भी कोई शक नहीं है कि 'कृष 4' भारतीय सिनेमा की सबसे बहुप्रतीक्षित सुपरहीरो फिल्मों में से एक है। कई दिनों से फिल्म की लीड हीरोइन के किरदार के लिए भी कई नाम सामने आए हैं। अब रिपोर्ट्स बता रही हैं कि इस फिल्म में एक बार फिर प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) की वापसी होने जा रही है।
'कृष 4' में नजर आएंगी प्रियंका चोपड़ा
पिंकविला से जुड़े सूत्र के अनुसार ऋतिक रोशन और आदित्य चोपड़ा ने 'कृष 4' में लीड रोल निभाने के लिए प्रियंका चोपड़ा को कास्ट करने का फैसला किया है। 'कृष' मूवी के बाकी दो पार्ट्स में ऋतिक रोशन और प्रियंका चोपड़ा की केमिस्ट्री ने लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। बताया जा रहा है कि फिल्म की जर्नी 'कोई मिल गया', 'कृष' और 'कृष 3' के किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती दिखाई देगी। ऐसे में 'कृष 4' में प्रियंका चोपड़ा की वापसी तय है और वो इसमें प्रिया की भूमिका में नजर आएंगी।
'कृष 4' का प्री-प्रोडक्शन वर्क वाईआरएफ में जोरों पर चल रहा है। वाईएफएक्स की टीम भी इस मूवी पर काम कर रही है। दूसरी ओर ऋतिक रोशन अपने राइटर्स की टीम के साथ स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि आदित्य चोपड़ा भी 'कृष 4' की स्क्रिप्ट को खामियों को दूर करने पर काम कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन ऋतिक रोशन करते दिखाई देंगे। इस फिल्म की शूटिंग साल 2026 के फर्स्ट में शुरू की जाएगी।
