बॉलीवुड फिल्म निर्माता बोनी कपूर की छोटी बेटी खुशी कपूर का फिल्मी करियर 3 बिग बजट फिल्में करने के बाद भी पटरी पर आता नहीं दिख रहा हैा द आर्चीज, नादानियां और लवयापा जैसी फिल्में करने के बाद खुशी कपूर को लोग एक्ट्रेस के तौर पर स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। बोनी कपूर शायद इस बात से चिंतित हैं और बेटी खुशी कपूर के करियर को सही दिशा में ले जाने के लिए एक ऐसे प्रोजेक्ट को शुरू करने जा रहे हैं, जिसके साथ श्रीदेवी का नाम जुड़ा हुआ है।
असल में बोनी कपूर श्रीदेवी की आखिरी फिल्मों में से एक मॉम का सीक्वल बनाने की तैयारी कर रहे हैं। मॉम में श्रीदेवी की काफी सराहना हुई थी और इस फिल्म के नाम नेशनल अवॉर्ड भी है। बोनी कपूर मॉम का सीक्वल बेटी खुशी कपूर के साथ बनाने जा रहे हैं, जिसकी स्क्रिप्ट पर इन दिनों काम चल रहा है। फिल्म मॉम 2 का प्री-प्रोडक्शन वर्क शुरू हो चुका है और इसे डायरेक्ट करने की जिम्मेदारी गिरीश कोहली के कंधों पर है।
क्या मॉम 2 के बाद बदलेगी खुशी कपूर की इमेज?
खुशी कपूर की अब तक तीन फिल्में दर्शकों के सामने आई हैं और हर एक मूवी की रिलीज के बाद उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है। मॉम 2 एक गंभीर फिल्म होने वाली है, जिसमें खुशी का रोल काफी अच्छा रहने की उम्मीद है। बड़ा सवाल यह है कि खुशी कपूर की ये फिल्म क्या उनकी इमेज ठीक कर पाएगी क्योंकि अब तक उन्हें एक अदाकारा के तौर पर पहचान नहीं मिली है।
