Shah Rukh Khan's King: बॉलीवुड इंडस्ट्री के सुपरस्टार शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) की फिल्म 'किंग' (King) को लेकर हर दिन नई-नई जानकारी सामने आ रही है। इस मूवी का निर्देशन पहले सुजोय घोष करने वाले थे लेकिन बाद में निर्माताओं ने उन्हें सिद्धार्थ आनंद से रिप्लेस कर दिया। अब 'किंग' को सिद्धार्थ आनंद ही डायरेक्ट कर रहे हैं। 'किंग' के सेट से कई पिक्स और वीडियोज भी लीक हो चुकी हैं, जिसे देख फैन्स की बेताबी और बढ़ गई है। हाल ही में अब सिद्धार्थ आनंद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया है, जिसे देख फैन्स ने 'किंग' की अनाउंसमेंट को लेकर कयास लगाने शुरू कर दिए हैं।
'किंग' का फर्स्ट लुक इस दिन हो सकता है रिलीज
सिद्धार्थ आनंद ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, 'टिक. टॉक. टिक. टॉक।' इस ट्वीट के बाद फैन्स ने इस पोस्ट पर कमेंट्स बौछार कर दी है। कई लोगों को लग रहा है कि फिल्म निर्माता ने या तो टीजर, रिलीज या फिल्म के ऑफिशियल पोस्टर लॉन्च की रिलीज डेट की ओर इशारा दिया है। एक यूजर ने लिखा, 'इस पोस्ट में 2 टिक और 2 टॉक हैं। इसका मतलब फिल्म का फर्स्ट लुक 2 नवम्बर के दिन जारी किया जा सकता है।' लोगों को ऐसा इसलिए लग रहा है क्योंकि 2 नवम्बर को शाहरुख खान का जन्मदिन भी है। हालांकि यह कयास केवल फैन्स द्वारा ही लगाए जा रहे हैं। मेकर्स को ओर से अभी तक कोई अनाउंसमेंट नहीं की गई है।
शाहरुख खान के फिल्म 'किंग' में दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, सुहाना खान, राघव जुयाल, अक्षय ओबेरॉय और अभय वर्मा सहित कई कलाकार अलग-अलग रोल में दिखाई देंगे। इस मूवी से जुड़े शाहरुख खान के कई लुक्स सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए हैं, जिन्हें फैन्स द्वारा बनाया गया है। फिल्म अगले साल मेकर्स द्वारा रिलीज की जा सकती है। आखिरी बार शाहरुख खान को राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी फिल्म 'डंकी' में देखा गया था, जो बॉक्स ऑफिस पर खास कमाई नहीं कर पाई थी।
