Ileana D’Cruz pregnancy: बॉलीवुड एक्ट्रेस इलियाना डिक्रूज (Ileana D’Cruz) ने फैंस को बड़ी खुशखबरी दे दी है। एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर कर जानकारी दी है कि वह जल्द ही मां बनने वाली हैं। उनके घर कुछ महीनों में बच्चे की किलकारियां गूंजने वाली हैं। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर अपने फैंस को ये खुशखबरी एक प्यारी सी पोस्ट शेयर कर दी है। जो अब तेजी से वायरल हो रही है। ‘जल्द आ रहा है, अपने बेबी से मिलने का अब इंतजार नहीं होता’। सोशल मीडिया पर अब फैंस से लेकर सितारे भी इलियाना को प्रेग्नेंसी की बधाई दे रहे हैं। ‘बर्फी’ से लेकर ‘मैं तेरा हीरो’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं इलियाना, बॉलीवुड की जानी मानी एक्ट्रेस हैं, जिनकी फैन फॉलोइंग काफी अधिक है।
मां बनने वाली हैं इलियाना डिक्रूज
इलियाना डीक्रूज ने इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर किया है, जिसमे दो फोटोज हैं। एक फोटो में प्यारा सा पैंडल नजर आ रहा है, जिसमें मम्मां लिखा हुआ है। ये खूबसूरत पैंडल फैंस का काफी पसंद आ रहा है। जिसके साथ ही एक फोटो में एक टी-शर्ट दिख रही है, जिसमें लिखा है 'तो अब एडवेंचर की शुरुआत होती है।' प्रेग्नेंसी अनाउंस करने का इलियाना का ये तरीका फैंस को काफी पसंद आ रहा है। इस बीच कई सोशल मीडिया यूजर्स इस खुशखबरी के लिए इलियाना को बधाई दे रहे हैं। आज सुबह से ही इलियाना डिक्रूज प्रेग्नेंसी की खबरे के चलते सुर्खियों में बनी हुई हैं।
बता दें कि इलियाना डिक्रूज बेहद टैलेंटेड एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने पहले तेलुगु भाषा की फिल्मों में अपने एक्टिंग के करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अपना करियर एक मॉडल के तौर पर शुरू किया, जिसके बाद साल 2006 में YVS चौधरी की तेलुगू फिल्म 'देवदासु' से अपने फिल्मी करियर की शुरूआत की। जिसके बाद बॉलीवुड की कई फिल्मों से भी वह फैंस का दिल जीत चुकी हैं।
