Ikkis review by Mukesh Chhabra: इंडियन सिनेमा के बेहतरीन डायरेक्टर्स में से एक श्रीराम राघवन की फिल्म 'इक्कीस' का ग्रैंड प्रीमियर 29 दिसंबर को मुंबई में होस्ट किया गया। धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म 'इक्कीस' को देखने के लिए सनी-बॉबी सहित कई बॉलीवुड हस्तियों पहुंचीं। सलमान खान ने भी स्पेशल स्क्रीनिंग में शिरकत की। इस फिल्म में धर्मेंद्र, अगस्त्य नंदा और जयदीप अहलावत सहित कई कलाकार अहम भूमिका में दिखाई देने वाले हैं। कई सेलेब्स ने फिल्म को देखने के बाद इसकी खूब तारीफ की। ऐसे में अब कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने भी धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म को देखने के बाद अपना रिव्यू साझा किया है। उन्होंने इक्कीस को 'दिल को छूने वाली' फिल्म बताया है।
मुकेश छाबड़ा ने बताया कैसी है 'इक्कीस'
मुकेश ने अपने X अकाउंट पर 'इक्कीस' देखने के बाद लिखा, 'इक्कीस देखी ली है। यह दिल से बनाई गई फिल्म है। यह मूवी इतनी प्यारी है कि इसकी सच्ची कहानी खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक दिल को छू जाती है। धर्मेंद्र सर... क्या गजब की पर्सनालिटी क्या गहराई। अगर यह आपकी आखिरी फिल्म है तो यह वाकई दिल तोड़ देने वाली बात है। आपने हमें भावुक कर दिया है। आपकी कमी महसूस होगी, सर।'
कास्टिंग डायरेक्टर ने आगे लिखा, 'जयदीप अहलावत आपका जवाब नहीं। मैंने आपसे ऐसी उम्मीद नहीं की थी, मैं एकदम सरप्राइज हूं। अगस्त्य नंदा और सिमर भाटिया आपका स्वागत है। दोनों की ऑनस्क्रीन जोड़ी कमाल है और इसके बीच केमिस्ट्री देखने को मिलती है। अगस्त्य की मासूमियत और ईमानदारी का जवाब नहीं। विवान शाह और सिकंदर खेर का भी उत्कृष्ट अभिनय देखने को मिलता है। श्रीराम राघवन ने शानदार काम किया। एक दिल को छू लेने वाली फिल्म, ईमानदारी से बयां की गई। ऐसा सिनेमा जो पर्सनल लगता है।'
श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी फिल्म 'इक्कीस' सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है, जो सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र पुरस्कार विजेता भी थे। यह मूवी 1 जनवरी के दिन रिलीज की जाएगी।
