Ranbir Kapoor and Ayan Mukherjee: ब्रह्मास्त्र पार्ट वन- शिवा ने बॉलीवुड की डूबती नैया को सहारा दिया है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर दमदार कमाई करते हुए 400 करोड़ से ऊपर की कमाई की है। जिसके बाद अब फिल्म को 4 नवंबर से डिज़्नी+ हॉटस्टार पर एक डिजिटल रिलीज किया जाना है। जिसको लेकर आज आलिया भट्ट ने एक प्रमोशनल वीडियो भी शेयर किया है। जिसमें रणबीर कपूर आग-बबूला नजर आ रहे हैं। रणबीर किसी व्यक्ति से फोन पर बात करते हुए कह रहे हैं कि वह ब्रह्मास्त्र के प्रमोशन और अयान मुखर्जी से तंग आ गए हैं।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसके बाद इसपर अयान मुखर्जी की भी प्रतिक्रिया सामने आ गई है। अयान ने वीडियो शेयर करते हुए इसपर कमेंट भी किया है जो अब सुर्खियां बटोर रहा है।
'ब्रह्मास्त्र के अलावा भी मेरी एक लाइफ है'
वीडियो में रणबीर कपूर को यह कहते हुए दिखा जा सकता है कि वह अब ब्रह्मास्त्र के प्रमोशन से तंग आ चुके हैं और हर इवेंट में केसरिया गाते हुए आलिया की आवाज बैठ गई है। बाद में उन्होंने कहा कि अयान को यह समझ में नहीं आता है कि ब्रह्मास्त्र के बाहर भी उनकी एक लाइफ है। ‘मैं एक पिता बनने वाला हूं,’।
'ब्रह्मास्त्र के दो पार्ट और भी आने हैं'
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए, अयान ने रणबीर के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने लिखा, "रणबीर, मुझे उम्मीद है कि आप इसे अपने सीक्रेट इंस्टाग्राम अकाउंट से पढ़ रहे होंगे। अभी ब्रह्मास्त्र के दो और पार्ट आने हैं। आपको मेरे साथ अच्छा व्यवहार करना चाहिए।’ रणवीर पहले भी बता चुके हैं कि आधिकारिक तौर पर वह इंस्टाग्राम पर नहीं हैं लेकिन उनका एक सीक्रेट अकाउंट हैं जिससे वह इंस्टाग्राम की सारी खबरें रखते हैं।
बता दें कि ब्रह्मास्त्र पार्ट वन को इसी साल सितंबर में रिलीज किया गया था जो अब तक दुनियाभर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है। जिसके साथ ही इस साल सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है।
