बिहार में दर्दनाक सड़क हादसे में सुशांत सिंह राजपूत के 5 रिश्तेदारों की हुई मौत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 16, 2021, 04:23 PM IST

Sushant Singh Rajput Family accident: बॉलीवड एक्‍टर सुशांत सिंह राजपूत के रिश्‍तेदार एक करीबी के अंतिम संस्‍कार से लौट रहे थे। तभी उनके वाहन की टक्‍कर एक ट्रक से हो गई, जिसके चलते परिवार के 5 लोगों की जान चली गई।

बिहार में दर्दनाक सड़क हादसे में सुशांत सिंह राजपूत के 5 रिश्तेदारों की हुई मौत

Sushant Singh Rajput relatives dies in road accident: दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के परिवार का मंगलवार की सुबह भयंकर एक्‍सीडेंट हुआ, जिसमें उनके करीब 5 रिश्‍तेदारों की मौत हो गई। हादासा बिहार के लखीसराय जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 333 पर हुआ। एक ट्रक से उनके वाहन के टकराने से भीषण हादसा हुआ। सुशांत का परिवार एक करीबी के अंतिम संस्‍कार में शामिल होने गए थे। 

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार परिजन पटना से लौट रहे थे। वे हरियाणा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ओपी सिंह की बहन गीता देवी के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। ओपी सिंह सुशांत सिंह राजपूत के साले हैं। दुर्घटना की पुष्टि लखीसराय के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने की है। बताया जाता है कि दुर्घटना हालसी थाने के पिपरा में अपग्रेडेड मिडिल स्कूल के पास हुई है। 

पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार का कहना है, “यह एक ट्रक और एक सूमो के बीच भीषण टक्कर थी, जिसमें दस लोग थे, जो पटना से लौट रहे थे। सूमो के चालक समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"

घायलों में बालमुकुंद सिंह और दिल खुश सिंह को इलाज के लिए पटना भेजा गया है, जबकि शेष दो बाल्मीकि सिंह और टोनू सिंह को लखीसराय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए लखीसराय अस्पताल भेज दिया गया है। मृतकों की पहचान लालजीत सिंह (ओपी सिंह के साले), उनके दो बेटों अमित शेखर उर्फ नेमानी सिंह और राम चंद्र सिंह के रूप में हुई है। अन्य की पहचान बेबी देवी, अनीता देवी और चालक प्रीतम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार परिवार जमुई जिले के भंडार गांव में अपने घर लौट रहा था जब उनका वाहन विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से टकरा गया। 

End of Article