मीरा राजपूत ने बताया कैसा है 14 साल बड़े पति शाहिद कपूर से रिश्ता, बोलीं- शादी कभी चैलेंज नहीं रही

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 13, 2019, 01:11 PM IST

बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर और उनकी पत्नी मीरा राजपूत की उम्र में करीब 14 साल का फर्क है। हाल ही में दोनों ने बताया कि उम्र के इस फासले के चलते कैसा है उनका रिश्ता।

मीरा राजपूत ने बताया कैसा है 14 साल बड़े पति शाहिद कपूर से रिश्ता, बोलीं- शादी कभी चैलेंज नहीं रही
Photo Credit: Instagram

बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर और उनकी पत्नी मीरा राजपूत इंडस्ट्री के सबसे चर्चित कपल्स में से एक हैं। दोनों अक्सर चर्चा में रहते हैं। दोनों की उम्र में करीब 14 साल का अंतर है लेकिन इससे उनके रिश्ते पर कभी असर नहीं पड़ा। हाल ही में मीरा ने अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बात की।

मीरा ने हाल ही में एक वेबसाइट को इंटरव्यू दिया और इसमें अपनी अरेंज मैरिज और उम्र के बड़े अंतर के बारे में बात की। उन्होंने कहा, 'अलग बैकग्राउंड्स से होने के बाद भी मैंने कभी अपनी शादी को एक चैलेंज की तरह नहीं देखा जिसका सामना करने की मुझे जरूरत है।' उन्होंने कहा, 'दिल्ली से मुंबई शिफ्ट होना मुझे अच्छा लगा। मुझे साउथ मुंबई पसंद है। यहां तक कि हमने अपनी एनिवर्सरी कोलाबा में द टेबल में खाने के साथ सेलिब्रेट की थी।' 

शादी के बाद पहली बार मीरा ने पहनी रिप्ड जींस

मीरा ने अपने बदले हुए लाइफस्टाइल के बारे में बात करते हुए कहा, 'मैंने यहां के जिंदगी जीने के तरीके और ड्रेसिंग स्टाइल को अपना लिया है। मैंने पहली बार शादी के बाद रिप्ड जींस पहनी। इसके अलावा जिंदगी जीने कि लिए शाहिद की सरलता मुझे पसंद है। इससे मुझे बहुत आसानी हुई।' मीरा ने आगे कहा कि शाहिद मुझसे बड़े हैं तो मैं उनके एक्सपीरियंस का फायदा ले सकती हूं और वो मेरे नए नजरिए का फायदा ले सकते हैं।

इस दौरान शाहिद कपूर ने दोनों के अलग सोशल सर्कल के बारे में बात की। उन्होंने कहा, 'हम बहुत से पार्टियों में गए हैं जहां मैं मीरा से ज्यादा लोगों को जानता हूं, लेकिन मैंने हमेश उन्हें लोगों से ज्यादा इंटेस बातचीत करते देखा है। ऐसे लोगों से जिनसे वो आधे घंटे पहले ही मिली हैं।'

End of Article