रणवीर सिंह ने रोहित शेट्टी की नई फिल्म साइन की है। वैसे इस बात की चर्चा कुछ दिनों से हो रही थी। बताया जा रहा है कि इस फिल्म का टाइटल सर्कस होगा। खास बात ये है कि फिल्म में पहली बार रणवीर सिंह डबल रोल निभाएंगे। जहां तक बाकी कास्ट की बात है तो रणवीर सिंह का साथ देने के लिए वरुण शर्मा, जैकलीन फर्नांडिस और पूजा हेगड़े को साइन किया जा रहा है।
रणवीर सिंह की फिल्म की कहानी शेक्सपीयर के नाटक द कॉमेडी ऑफ एरर्स से ली गई है। ये नाटक शेक्सपीयर का सबसे छोटा प्ले बताया जाता है और आज भी खासा पॉपुलर है।
कब रिलीज होगी Cirkus
रणवीर सिंह फिल्म सर्कस की शूटिंग अगले साल मुंबई में करेंगे। जहां तक रिलीज की बात है तो इसे 2021 के फेस्टिव सीजन के आसपास थिएटर्स में लाया जाएगा।
पहले भी पर्दे पर आई है ये कहानी
वैसे ये पहली बार नहीं है जब इस कहानी को बॉलीवुड अपने अंदाज में दिखाएगा। इससे पहले फिल्म अंगूर भी इसी नाटक पर बनाई गई थी। फिल्म में संजीव कुमार और देवेन वर्मा लीड रोल में थे और इसका निर्देशन गुलजार ने किया था। ये फिल्म 1982 में रिलीज हुई थी।
इससे पहले 1968 में आई फिल्म दो दूनी चार भी शेक्सपीयर के प्ले द कॉमेडी ऑफ एरर्स पर बनी थी। वैसे अंगूर को इसी फिल्म के रीमेक के तौर पर भी गिना जाता है।
सिंबा ने बनाई रणवीर और रोहित की जोड़ी
बता दें कि रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह इससे पहले सिंबा जैसी हिट फिल्म साथ में दे चुके हैं। सिंबा फिल्म में रोहित शेट्टी के साथ रणवीर सिंह का पहला प्रोजेक्ट बेहद सफल रहा था। फिल्म ने न केवल अभिनेता की स्थिति को एक बड़े नायक के रूप में मजबूत किया और पुलिस जोनर की फिल्मों में उनकी धमाकेदार एंट्री करवाई, बल्कि बॉक्स ऑफ़िस पर 240 करोड़ रुपए की भारी कमाई करने में भी कामयाब रही। यह रोहित के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है।
Bollywood News in Hindi (बॉलीवुड न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर । साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) केअपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।