चीन के वुहान शहर में पैदा हुए कोरोना वायरस ने पूरे विश्व को अपनी चपेट में ले लिया है। विश्व के कई देशों में हालत बहुत भयानक है। कोरोना वायरस इटली में हाहाकर मचा रहा है, वहीं भारत में भी हालत खराब होती नजर आ रही है। यहां संक्रमितों की संख्या 5200 पार कर गई है। हाल ही में कोरोना की जंग जीतने वाली बॉलीवुड की सिंगर कनिका कपूर की मुश्किलें अभी कम नहीं हुईं हैं। जैसे ही वह होम क्वॉरेंटाइन से बाहर आएंगी, यूपी पुलिस उनसे पूछताछ करेगी।
बता दें कि बेबी डॉल जैसे गानों को गाने वाली सिंगर कनिका कपूर लंदन से भारत आईं और वह संक्रमित थीं। आरोप है कि उन्होंने यह बात छिपाई और लखनऊ, कानपुर, मुंबई में पार्टी करती रहीं। इन पार्टियों में कई नामचीन शख्सियत शामिल हुईं और 20 मार्च को कनिका कपूर को कोरोना पॉजिटिव आया तो पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया। इस मामले में पुलिस ने कनिका कपूर पर FIR दर्ज की थी।
FIR की कॉपी के अनुसार, 14 मार्च को लखनऊ एयरपोर्ट जांच में कनिका कपूर को संक्रमण होने का पता चल गया था। इसके बाद उन्हें घर में ही रहने और सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया था। बावजूद इसके उन्होंने दिए गए निर्देशों का पालन नहीं किया और पार्टी करती रहीं। कनिका कपूर का लखनऊ में इलाज चला था और पांच बार उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उनकी एक रिपोर्ट और आई जिसमें कोरोना नेगिटिव आया।
अब कनिका को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और वह अपने घर में क्वॉरेंटाइन में हैं। खबर आ रही है कि जैसे ही उनका होम क्वॉरेंटाइन खत्म होगा, यूपी पुलिस उनसे पूछताछ करेगी। जांच के बाद कनिका कपूर पर एक्शन भी लिया जाएगा।
Bollywood News in Hindi (बॉलीवुड न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर । साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) केअपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।