Drug Case: समन के बावजूद पेश नहीं हुए अर्जुन रामपाल, एक्टर ने NCB से मांगा इतने दिन का वक्त

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 16, 2020, 05:26 PM IST

Arjun Rampal seeks time in drug case: बॉलीवुड एक्टर अर्जुन रामपाल ने ड्रग्स मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के सामने पेश होने के लिए कुछ दिन का समय मांगा है।

Drug Case: समन के बावजूद पेश नहीं हुए अर्जुन रामपाल, एक्टर ने NCB से मांगा इतने दिन का वक्त
Photo Credit: Instagram

बॉलीवुड ड्रग्स कनेक्शन मामले में एक्टर अर्जुन रामपाल बुधवार को  नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के सामने पेश नहीं हुए। उन्हें एनसीबी ने हाल ही में एनसीबी ने समन भेजकर दूसरी बार पूछताछ के लिए बुलाया था। बताया जा रहा है कि अर्जुन व्यक्तिगत कारणों के चलते पेश नहीं हो सके। उन्होंने एजेंसी के सामने पेश होने के लिए अब 21 दिसंबर तक का वक्त मांगा है। इससे पहले 13 नवंबर को एनसीबी ने अर्जुन से लगभग 7 घंटे तक पूछताछ की थी। एजेंसी ने पिछले महीने अर्जुन के घर पर छापा मारा था, जिसमें ड्रग्स तो नही मिला, लेकिन कुछ दवाइयां मिलीं, जो एनडीपीएस के तहत प्रतिबंधित है।

पहली पूछताछ के बाद क्या बोले थे अर्जुन

पिछले महीने जब अर्जुन रामपाल को पूछताछ के लिए बुलाया गया था तो उन्होंने ड्रग्स को लेकर खुद के शामिल होने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि ड्रग्स से मेरा लेना देना नहीं है। रामपाल ने मीडिया से बातचीत में कहा था, 'मादक पदार्थ से मेरा कोई लेना देना नहीं है। मेरे आवास पर जो दवाइयां मिली थी, उसकी पर्ची मेरे पास है और पर्ची को एनसीबी अधिकारियों को सुपुर्द किया जा रहा है। एक्टर ने आगे कहा था, 'मैं जांच में सहयोग कर रहा हूं और एनसीबी के अधिकारी अच्छा काम कर रहे हैं।' बता दें कि  एनसीबी ने जून में एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद बॉलीवुड में मादक पदार्थों के इस्तेमाल के संबंध में जांच शुरू की थी।

Twitter/ Arjun Rampal

अर्जुन रामपाल के साले को मिली बेल

गौरतलब है कि एनसीबी ने ड्रग्स से संबंधित मामले में अर्जुन रामपाल के ऑस्ट्रेलियाई दोस्त पॉल बार्टेल को भी गिरफ्तार किया था, जिसके बाद एक्टर को पहली बार पूछताछ के लिए बुलाया गया था। बार्टेल कथित रूप से ड्रग पेडलर एगिसियलोस डेमेट्रीड्स के साथ नियमित संपर्क में थे, जिसे एनसीबी ने अक्टूबर में गिरफ्तार किया था। एगिसियलोस अर्जुन रामपाल की लिव-इन पार्टनर गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स के भाई हैं। हालांकि, मंगलवार को दो अन्य लोगों के साथ एगिसियलोस को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। स्पेशल एनडीपीएस कोर्ट ने एगिसियलोस को 50 हजार रुपए के निजी मुचलके पर जमानत दी है। साथ ही कोर्ट ने एगिसियलोस को अपना पासपोर्ट जमा कराने और एनसीबी को बिना बताए शहर नहीं छोड़ने का निर्देश दिया है।

End of Article