बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट जल्द ही पेरेंट्स बनने वाले हैं। आलिया ने पिछले महीने ही सोशल मीडिया के जरिए फैंस को यह खुशखबरी दी थी कि वो प्रेग्नेंट हैं। आलिया प्रेग्नेंसी में अपने प्रोजेक्ट्स को पूरा कर रही हैं। हाल ही में उनकी नई फोटो सामने आई है जिसमें उनका बेबी बंप नजर आ रहा है।
आलिया भट्ट की नई तस्वीर आई सामने
आलिया हाल ही में अपने हॉलीवुड प्रोजेक्ट 'द हार्ट ऑफ स्टोन' की शूटिंग पूरी कर देश लौटी थीं। अब उन्होंने अपनी फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी की शूटिंग शुरू कर दी है, जिसमें वो रणवीर सिंह के साथ नजर आएंगी। ईटाइम्स ने एक्ट्रेस की नई फोटो शेयर की है जिसमें उनका बेबी बंप साफ नजर आ रहा है। आलिया की ये फोटो फैंस को बहुत पसंद आ रही है। इस फिल्म की बात करें तो रणवीर- आलिया के अलावा फिल्म में जया बच्चन, धर्मेंद्र और शबाना आजमी अहम रोल में दिखेंगे।

फैंस को ऐसी दी थी जानकारी
आलिया ने पिछले महीने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी दी थी। आलिया ने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर की थी जिसमें वो अस्पताल के बेड पर लेटी हुई हैं और मुस्कुरा रही हैं जबकि रणबीर उनके पास बैठे हैं। दोनों स्क्रीन पर सोनोग्राफी होते हुए देख रहे हैं। उन्होंने स्क्रीन पर हार्ट ईमोजी लगाया है। इस फोटो को शेयर कर आलिया ने लिखा, 'हमारा बच्चा... जल्द आ रहा है।' इसके साथ ही आलिया ने दूसरी तस्वीर शेयर की जिसमें शेर और शेरनी अपने बच्चे के साथ नजर आ रहे हैं।
अप्रैल महीने में की थी शादी
आलिया ने रणबीर से इस साल 14 अप्रैल को बांद्रा स्थित रणबीर के घर में शादी रचाई थी। इस शादी में केवल परिवार के लोग और करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। मालूम हो कि रणबीर और आलिया की फिल्म ब्रह्मास्त्र रिलीज होने वाली है, जिसमें दोनों पहली बार साथ काम करेंगे। यह फिल्म 09 सितंबर को रिलीज होगी। बता दें कि इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों ने एक दूसरे को डेट करना शुरू किया था।

