Ahan Shetty signs 4 movies: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के अन्ना सुनील शेट्टी (Suniel Shetty) के बेटे अहान शेट्टी ने साल 2021 में रोमांटिक थ्रिलर मूवी तड़प (Tadap) से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उनकी जोड़ी को तारा सुतारिया के साथ काफी सराहा गया था। दर्शकों को अहान शेट्टी (Ahan Shetty) का काम इतना पसंद आया था कि उन्हें राइजिंग स्टार का खिताब भी दिया गया था। दर्शकों ने कहना शुरू कर दिया था कि अहान शेट्टी के रूप में बॉलीवुड के एक नया एक्शन स्टार मिल गया है। हालांकि डेब्यू मूवी के बाद से ही अहान शेट्टी ब्रेक पर हैं। पिछले 2 सालों से उनकी कोई भी फिल्म दर्शकों के सामने नहीं आई है। दर्शकों का ये इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है क्योंकि अहान शेट्टी ने एक साथ 4 फिल्में साइन की हैं, जिनका ऐलान वो जल्द ही कर सकते हैं।
इंडस्ट्री से जुड़े एक सूत्र ने पिंकविला को जानकारी दी है कि अहान शेट्टी के पास चार बड़ी फिल्में हैं, जिनका अनाउंसमेंट वो जल्द ही करेंगे। इनमें से एक मूवी इसी महीने फ्लोर पर आ जाएगी और तीन का अनाउंसमेंट एक-एक करके होगा। इन चार फिल्मों में से एक फिल्म बिग एक्शन एंटरटेनर है, जिसको साजिद नाडियाडवाला प्रोड्यूस करेंगे। साजिद नाडियाडवाला ने ही अहान शेट्टी को बॉलीवुड में लॉन्च किया है।
बीते साल अहान शेट्टी के जन्मदिन पर साजिद नाडियाडवाला ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लोगों को बताया था कि वो एक बड़ी फिल्म की प्लानिंग अहान शेट्टी के साथ कर रहे हैं, जो जल्द ही शुरू हो सकती है। टाइगर श्रॉफ के बाद अहान शेट्टी साजिद नाडियाडवाला की दूसरी सबसे सफल लॉन्चिंग हैं। टाइगर-अहान दोनों ही बॉलीवुड के बड़े एक्शन स्टार बनकर उभर रहे हैं।
