बॉलीवुड

Adipurush से पहले Ramayana पर आ चुकी हैं ये 'फिल्में': जानिए, किसमें क्या था खास

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 17, 2023, 01:19 PM IST

Ramayana based Movies: रामायण पर बनने वाली छोटे और बड़े पर्दे की फिल्मों में शामिल होने वाली आदिपुरुष सातवीं फिल्म है, जिससे पहले छह फिल्में आ चुकी हैं। ये साल 1943 से 2008 के बीच आई थीं। इन छह में सबसे पॉपुलर रामानंद सागर का टीवी धारावाहिक 'रामायण' हुआ था, जिसमें अरुण गोविल ने राम का किरदार निभाया था।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Ramayana based Movies: संस्कृत महाकाव्य रामायण पर बनने वाली फिल्मों-शो की लिस्ट में जुड़ने वाला सबसे ताजा नाम 'आदिपुरुष' का है। यह एक्शन और 'स्पेशल इफेक्ट्स' से भरपूर फिल्म फिल्म है, जो 16 जून 2023 को रिलीज हुई और इसे जबरदस्त ओपनिंग मिली। इस मूवी में साउथ के जाने-माने स्टार प्रभास, बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनॉन, सनी सिंह और सैफ अली खान जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं। आइए, जानते हैं कि इसके अलावा और कौन सी फिल्में रहीं जो कि पौराणिक महाकाव्य पर आधारित हैं:

'राम राज्य' (1943): फिल्मकार विजय भट्ट की ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ फीचर फिल्म 'राम राज्य' रामायण पर फिल्म बनाने के शुरुआती प्रयासों में से एक थी। फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया और यह हिट रही। इस फिल्म में अभिनेता प्रेम अदीब ने भगवान राम और शोभना समर्थ ने माता सीता की भूमिका निभाई थी। इंडियन सिनेमा हेरिटेज फाउंडेशन के अनुसार महात्मा गांधी ने भी 'राम राज्य' देखी थी।

'संपूर्ण रामायण' (1961): फिल्मकार बाबूभाई मिस्त्री द्वारा निर्देशित इस फिल्म में महिपाल और अनीता गुहा ने अभिनय किया था। बसंत पिक्चर्स के बैनर तले बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट रही और सिनेमाघरों में लगातार 25 सप्ताह तक इसे प्रदर्शित किया गया।

'रामायण' (1987 टीवी धारावाहिक): फिल्मकार रामानंद सागर ने इस बेहद लोकप्रिय धारावाहिक की पटकथा लिखी और इसका निर्देशन भी किया। यह धारावाहिक वर्ष 1987 से 1988 के बीच दूरदर्शन के डीडी नेशनल चैनल पर प्रसारित हुआ। हिंदी सिनेमा और टेलीविजन जगत में यह धारावाहिक रामायण पर बनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ कृति मानी जाती है। भारतीयों की एक पीढ़ी के लोग अभिनेता अरुण गोविल में अभी भी भगवान राम और दीपिका चिखलिया में देवी सीता का स्वरूप देखते हैं। कोविड-19 महामारी के कारण 2020 में लागू किए गए देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान इस शो को डीडी नेशनल पर एक बार फिर से प्रसारित किया गया था। वैश्विक स्तर पर 16 अप्रैल 2020 को इस धारावाहिक को रिकॉर्ड 7.7 करोड़ लोगों ने देखा था।

'रामायण : द लीजेंड ऑफ प्रिंस राम' (1992): इस एनिमेटेड फिल्म का निर्माण भारत और जापान के सहयोग से किया गया था। फिल्म का निर्देशन युगो साको ने किया था। दिवंगत भारतीय एनिमेटर राम मोहन ने फिल्म का सह-निर्देशन किया। फिल्म को अंग्रेजी में रिलीज किया गया था और बाद में अरुण गोविल ने भगवान राम और अमरीश पुरी ने रावण के लिए हिंदी में डब किया। दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी फिल्म के लिए अपनी आवाज दी। हालांकि, बाबरी मस्जिद दंगों के दौरान फिल्म पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

'लव कुश' (1997): यह फिल्म रावण पर भगवान राम की जीत के बाद की कहानी पर आधारित थी। इसमें दिग्गज अभिनेता जितेंद्र को राम, जया प्रदा को सीता के रूप में दिखाया गया था जबकि दारा सिंह ने हनुमान की भूमिका निभाई थी।

'रामायण' (2008 टीवी धारावाहिक): रामानंद सागर के धारावाहिक के 20 वर्ष बाद इस धारावाहिक का निर्माण किया गया। करीब 300 एपिसोड वाले इस धारावाहिक को भी दर्शकों ने काफी पसंद किया, लेकिन यह मूल धारावाहिक की बराबरी नहीं कर सका। इसमें अभिनेता गुरमीत चौधरी ने भगवान राम और अभिनेत्री देबिना बनर्जी ने सीता की भूमिका निभाई और काफी लोकप्रिय हुए।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article