Adipurush Dialogue Controversy: फिल्म आदिपुरुष की रिलीज के बाद इसके डायलॉग (संवाद) को लेकर संग्राम छिड़ गया है। एक ओर जहां कुछ संवादों की भाषा को लेकर फैंस के एक धड़े ने आपत्ति जताई, वहीं दूसरी इसके डायलॉग चोरी के होने से जुड़ी बातें भी सामने आई हैं। साउथ के स्टार प्रभास की इस फिल्म के संवाद जाने-माने लिरिसिस्ट मनोज मंतशिर ने लिखे हैं, पर उन पर कुछ डायलॉग को चुराने का आरोप लगाया गया है। रोचक बात है कि इस बात से जुड़ा सबूत भी कुछ लोगों (दर्शकों) के हाथ लग गया, जो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
"अनारकली ऑफ आरा" और "शी" (नेटफ्लिक्स ओरिजिनल) के मेकर और फिल्मकार अविनाश दास ने शुक्रवार (16 जून, 2023) को एक वीडियो शेयर किया, जिसमें मशहूर कवि कुमार विश्वास एक कार्यक्रम कुछ मिलते-जुलते डायलॉग को बोलते नजर आए। सुनिए, विश्वास ने इस क्लिप के दौरान क्या कहा:
दास ने लिखा- कुकवि मनोज मुंतशिर शुक्ला ने यह तय कर लिया है कि वह कुछ भी मौलिक नहीं रचेगा। पहले से रचे हुए की चोरी करता रहेगा। साल 2017 में थाइलैंड के एक मैनेजमेंट कॉलेज के शो में हंसी-हंसी में जो बात विश्वास ने की थी, उसे आदिपुरुष में हनुमान की ज़बान पर एमएमएस (म. मु. शु.) ने यूं का यूं चिपका दिया। एक धिक्कार तो बनता ही है इस चोरी पर! हाथ कंगन को आरसी क्या, पढ़े लिखे को फ़ारसी क्या…सबूत के तौर पर शो का ये क्लिप देखिए!
दरअसल, फिल्म में हनुमान जी का रोल निभाने वाले किरदार एक जगह इससे मिलता-जुलता संवाद यूज करते नजर आएं हैं: "घी किसका?- रावण का, कपड़ा किसका?- रावण का, आग किसकी?- रावण की और जली किसकी?- रावण की।" वैसे, संवाद पर छिड़े इस संग्राम के बीच मुंतशिर की कोई टिप्पणी नहीं आई है और न ही इस बारे में किसी प्रकार की कोई आधिकारिक पुष्टि हो सकी है कि उन्होंने संवाद कहां से लिए।
