Triptii Dimri is not casted for Aashiqui 3: बॉलीवुड अदाकारा तृप्ति डिमरी (Tripti Dimri) इन दिनों हर ओर चर्चा में हैं। तृप्ति डिमरी की लोकप्रियता में एनिमल ने अभूतपूर्व बढ़ोत्तरी की है, जिस कारण हर कोई उन्हें उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है और मान रहा है कि वो जल्द ही इंडस्ट्री में बड़ा नाम कमा लेंगी। बीती रात एक एंटरटेनमेंट पोर्टल ने जानकारी दी थी कि तृप्ति डिमरी को फिल्म आशिकी 3 के निर्माताओं ने कार्तिक आर्यन की लव इंट्रेस्ट के रूप में साइन किया है। कार्तिक आर्यन और तृप्ति डिमरी दोनों ही नेशनल क्रश हैं, जिस कारण इनके फैंस इस खबर से खुश हो उठे थे लेकिन बता दें कि इस खबर में कोई सच्चाई नहीं है। फिल्म आशिकी 3 (Aashiqui 3) के निर्माता मुकेश भट्ट ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि वो तृप्ति डिमरी से मिले तक नहीं हैं।
मुकेश भट्ट के अनुसार, 'मीडिया में फैल रही सारी खबरें बेबुनियाद हैं। मैंने पहले भी कहा है कि हम आशिकी 3 के लिए तब तक हीरोइन की कास्टिंग नहीं करेंगे, जब तक कि इसकी स्क्रिप्ट रेडी नहीं हो जाती है। आशिकी फ्रेंचाइजी इतनी बड़ी है कि लोग इसके साथ अपना नाम जोड़कर लोकप्रियता पाना चाहते हैं। ये गलत बात है। मैं तो तृप्ति डिमरी से मिला तक नहीं हूं।'
मुकेश भट्ट ने कहा है कि जब तक फिल्म की कहानी और म्यूजिक रेडी नहीं हो जाता है तब तक उनकी टीम किसी की कास्टिंग नहीं करेगी। निर्माता ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा है, 'अभी तक आशिकी 3 के लिए केवल एक ही नाम फाइनल है और वो कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) का है। कार्तिक के अलावा किसी को कास्ट नहीं किया गया है। मेकर्स खुद आशिकी 3 की कास्टिंग को लेकर जानकारी देंगे, तब ही लोग उन्हें सच मानें।' बताते चलें कि आशिकी भट्ट कैंप की सबसे सफल फ्रेंचाइजी है, जिस कारण मेकर्स इसे सुपरहिट बनाने के लिए स्टोरी और म्यूजिक पर पहले काम करना चाहते हैं।
