70th Filmfare Awards: बॉलीवुड के नं. 1 एक्टर शाहरुख खान एक बार फिर से फिल्मफेयर का स्टेज अपने नाम करने के लिए तैयार हैं। गुजरात टूरिज्म के सहयोग से होने जा रहे 70वें हुंडई फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2025 के मंच किंग खान होस्ट के रूप में दिखेंगे और 11 अक्टूबर 2025 को गुजरात में जलवे बिखेरेंगे। 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स से पहले भी किंग खान ने कई दफा जलवे बिखेरे हैं और फैंस के चेहरों पर मुस्कुराहट बिखेरी है। किंग खान का चार्म और स्टाइल हमेशा से ही यादगार रहा है। अपनी इस रिपोर्ट में हम आपको किंग खान के ऐसे ही 5 आइकॉनिक मूमेंट्स दिखाएंगे, जिन्हें कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है।
जब शाहरुख खान ने दी इमोशनल स्पीच
साल 1999 में शाहरुख खान को फिल्म कुछ कुछ होता है कि लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला था। इस अवॉर्ड को ग्रहण करने के लिए जब शाहरुख खान स्टेज पर पहुंचे तो थोड़ा इमोशनल हो गए थे। शाहरुख खान ने अवॉर्ड लेने के बाद करण जौहर, हीरू जौहर और यश जौहर का धन्यवाद कहा और अपने दिल की बात रखी। किंग खान की सालों पुरानी वो स्पीच आज भी कई लोगों के लिए प्रेरणास्त्रोत है।
जूही चावला के साथ जब दिखी शाहरुख खान की केमिस्ट्री
शाहरुख खान और जूही चावला की शानदार केमिस्ट्री की गवाही केवल ब्लॉकबस्टर मूवीज ही नहीं बल्कि 52वां फिल्मफेयर अवॉर्ड्स भी देता है। इस फंक्शन पर किंग खान ने अपनी ऑनस्क्रीन लवलेडी के साथ जमकर जलवे बिखेरे थे और सबका मन मोह लिया था। स्टेज पर जूही और शाहरुख खान ने जमकर मस्ती थी और लोगों को गुदगुदाने का काम किया था।
लोगों को एंटरटेन करने के लिए शाहरुख खान बन गए ऊलाला गर्ल
शाहरुख खान और रणबीर कपूर ने साल 2012 में फिल्मफेयर अवॉर्ड होस्ट किया था। फिल्मफेयर अवॉर्ड्स के 57वें एडिशन में इन दोनों ने न केवल जमकर मस्ती की थी बल्कि विद्या बालन बनकर लोगों को चौंका दिया था। रणबीर कपूर और शाहरुख खान ने स्टेज पर माधुरी के साथ ऊलाला गर्ल बनकर एंट्री मारी और जमकर अदाएं दिखाई। किंग खान और रणबीर की जुगलबंदी देखकर लोगों को खूब हंसी आई थी।
ऑटो से फिल्मफेयर अटेंड करने पहुंचे शाहरुख खान-सैफ अली खान
यूं तो शाहरुख खान हमेशा से ही अपनी ग्रैंड एंट्री के लिए जाने जाते रहे हैं लेकिन साल 2007 के फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में वो ऑटो से स्टेज पर पहुंचे थे। किंग खान और सैफ मियां की ये एंट्री इतनी आइकॉनिक थी कि आज भी ये वायरल होती है। साल 2007 में किंग खान और सैफ अली खान ने मिलकर लोगों का खूब एंटरटेनमेंट किया था।
स्टेज पर ही भिड़ गए इरफान खान और शाहरुख खान
यूं तो इरफान खान बड़े फिल्म अवॉर्ड्स से दूर ही रहते थे लेकिन फिल्मफेयर से वो खुद को दूर न रख सके। एक दफा इरफान खान ने शाहरुख खान के साथ मिलकर लोगों का जमकर एंटरटेनमेंट किया और किंग खान की सुपरहिट फिल्म मोहब्बतें के एक सीन को रीक्रिएट किया। फिल्मफेयर की स्टेज पर हुआ ये आइकॉनिक सीन लोगों को अब तक याद है।
