इलेक्शन

UP Nikay Chunav 2023: उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी, 10 प्वाइंट में जानिए बड़ी बातें

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 4, 2023, 04:28 PM IST

दूसरे चरण का मतदान 11 मई को होगा और दोनों चरणों के लिए यूपी निकाय चुनाव परिणाम 13 मई को जारी होंगे। जानिए बड़ी बातें।

Image

उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव में सीएम योगी ने मतदान किया

Photo : IANS

UP Nikay Chunav 2023: उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। पहले चरण में 37 जिलों के 10 नगर निगम, 103 नगर पालिका और 276 पंचायतों में मतदान हो रहा है। दूसरे चरण का मतदान 11 मई को होगा और दोनों चरणों के लिए यूपी निकाय चुनाव परिणाम 13 मई को जारी होंगे। दोनों चरणों की वोटिंग को 9-9 मंडलों में बांटा गया है। भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी के लिए निकाय चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है।

निकाय चुनाव से जुड़ी 10 अहम बातें जानिए

  • पहले चरण में 37 जनपदों में 10 नगर निगमों, 104 नगर पालिका और 276 नगर पंचायतों के लिए मतदान हो रहा है। इसके लिए 7372 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पुलिस ने मतदान से पहले अभियान चलाकर शस्त्रों का सत्यापन करने के साथ-साथ अवैध शराब के तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
  • आज लगभग 2.40 करोड़ मतदाता वोट दे रहे हैं। इस बार लगभग दो लाख मतदाता बढ़ गए। लगभग छह साल पहले 2017 में हुए निकाय चुनाव में नगर निगम में 1402641 मतदाता थे, जो 2023 में बढ़कर 1569774 वोटर हो गए। कुल167133 मतदाता नगर निगम में बढ़ गए हैं। आठ नगर पंचायतों में 2017 के दौरान 126204 वोटर थे, इस बार यह संख्या बढ़कर 145934 हो गई है।
  • निगम और नगर पंचायतों में कुल मिलाकर छह साल में एक लाख 87 हजार 860 मतदाता बढ़े हैं। नगर निगम और नगर पंचायतों में इस साल कुल 1715708 मतदाता हैं। 19 निकायों में कुल 267 प्रत्याशी अध्यक्ष पद के दावेदार हैं और 1648 सभासद प्रत्याशी हैं।
  • संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग, वीडियोग्राफी और सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है। मतदान में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए एक लाख 76 हजार 841 पुलिसकर्मियों और पीएसी की 86 और सीएपीएफ की 35 कंपनियों की तैनाती की गई है।
  • चुनाव में 19880 निरीक्षक और उप निरीक्षक तैनात किए गए हैं। 101477 मुख्य आरक्षी व आरक्षियों की तैनाती की गई है। होमगार्डस के 47985 जवानों को तैनात करने के साथ 7500 ट्रेनी उप निरीक्षकों को भी लगाया गया है। पीएसी की 86 कंपनियां और सीएपीएफ की 35 कंपनियों को भी तैनात किया गया है।
  • मतदान से पहले पुलिस ने 15698 गैरजमानती वारंटियों, 6354 वांछित अभियुक्तों और 281 पुरस्कार घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। 14 अभियुक्तों पर रासुका लगाई गई है। गैंगस्टर एक्ट में 1101 अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज करके 831 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
  • पोलिंग पार्टियों को कोविड गाइडलाइन का पालन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। हर पार्टी को कोविड की दवा, सैनिटाइजर, मास्क भी दिए गए हैं। लू और मिचली की भी दवा मतदान कर्मियों को दी गई है।
  • मतदान के दौरान किसी भी मतदान कर्मी के साथ अचानक कोई घटना होने पर उसकी जगह पर ड्यूटी करने के लिए पांच जगहों पर रिजर्व पोलिंग पार्टियां भी रखी गईं हैं। सदर तहसील, केपी ग्राउंड, आइटीआइ नैनी, झूंसी और फाफामऊ में रिजर्व पोलिंग पार्टियां हैं। इसी तरह ईवीएम की खराबी को तुरंत दूर करने के लिए मास्टर ट्रेनर और विशेषज्ञों की टीम तैनात है।
  • नगर निगम के महापौर पद के लिए 16 से ज्यादा प्रत्याशी होने के कारण दो-दो बैलेट यूनिट लगी हैं। नौ वार्डों में भी पार्षद के 16 से ज्यादा प्रत्याशी मैदान में हैं, जहां दो-दो बैलेट यूनिट लगाई गई है। ये वार्ड हैं- गोहरी, अमरसापुर, भदरी, चाका, नैनी ददरी, छतनाग, कटका, नीम सरांय व मवैया।
  • प्रदेश में दो चरण में निकाय चुनाव हो रहे हैं इसमें पहले चरण में 4 मई और दूसरे चरण में 11 मई को नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान किए जाने हैं।
  • मतगणना 13 मई को होगी। नगर निगम के मेयर व पार्षद के चुनाव ईवीएम से कराए जा रहे हैं वही अन्य पदों पर मतदान मतपत्र से हो रहा है।

2.40 करोड़ मतदाता डालेंगे वोट

चुनाव आयोग के मुताबिक, गुरुवार को होने वाले मतदान में 37 जिलों में 2.40 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। ये मतदाता 10 महापौर, 820 पार्षदों, 103 नगर पालिका परिषद अध्यक्ष का चुनाव करेंगे।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article