
Telangana Election 2023 Live Updates: दोपहर एक बजे तक 36.68 फीसदी वोटिंग, कई सुपरस्टार भी पहुंचे
Telangana Assembly Election 2023 Voting Live: तेलंगाना में आज 119 सदस्यीय राज्य विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। राज्य भर में 35,655 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जहां कुल रजिस्टर्ड 3.26 करोड़ मतदाता हैं। 106 निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक और 13 वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) प्रभावित निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। 2290 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, उनके मंत्री-बेटे केटी रामाराव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी और बीजेपी के लोकसभा सदस्य बी संजय कुमार और डी अरविंद शामिल हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा नौ अक्टूबर को चुनावों की तारीख घोषित किए जाने के बाद से ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू है। तेलंगाना के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी और सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) प्रमुख के चंद्रशेखर राव जैसे शीर्ष नेताओं के अपनी-अपनी पार्टी के स्टार प्रचारक रहे। वोटों की गिनती 03 दिसंबर को होगी। किसकी सरकार बनेगी इसी दिन नतीजे आ जाएंगे।