इलेक्शन

Telangana Chunav: टीवी बहस के दौरान BRS विधायक और BJP उम्मीदवार के बीच हाथापाई, देखें VIDEO

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 26, 2023, 07:39 AM IST

Telangana Assembly Election 2023: तेलंगाना चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी इस कदर बढ़ चुकी है कि मौजूदा बीआरएस विधायक और भाजपा उम्मीदवार के बीच टीवी बहस के दौरान हाथापाई हो गई। इस घटना के बाद भाजपा ने बीआरएस को गुंडों की पार्टी करार दिया है। राज्य में 30 नवंबर को मतदान होगा। नीचे देखिए मारपीट का वीडियो।

Image

बीआरएस विधायक, भाजपा उम्मीदवार के बीच टीवी बहस के दौरान हाथापाई।

Photo : Twitter

Telangana Chunav: तेलंगाना विधानसभा चुनाव के संबंध में एक तेलुगु समाचार चैनल की ओर से आयोजित खुली बहस के दौरान बुधवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधायक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उनके प्रतिद्वंद्वी के बीच हाथापाई हो गई।

राज्य में 30 नवंबर को मतदान होगा। पुलिस और अन्य लोगों ने हस्तक्षेप किया और दोनों को अलग कर दिया, जैसा कि वीडियो में दिखाई दे रहा है।

भाजपा ने बीआरएस को बताया गुंडों की पार्टी

भाजपा तेलंगाना के एक्स पर इस वीडियो को साझा करते हुए लिखा गया कि 'बीआरएस गुंडे और मौजूदा विधायक केपी विवेकानंद द्वारा भाजपा विधायक उम्मीदवार कुना श्रीशैलम गौड़ गारू पर निंदनीय हमला बीआरएस में निराशा को दर्शाता है कि वे भाजपा से हार रहे हैं। गुंडों की पार्टी से इससे बेहतर उम्मीद और क्या की जा सकती है।'

वहीं भाजपा नेता और विधायक राजा सिंह ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि 'मैं बीआरएस विधायक केपी विवेकानंद के रवैये की कड़ी निंदा करता हूं जिन्होंने हमारे कुठबुल्लापुर भाजपा विधायक उम्मीदवार और पूर्व विधायक कुना श्रीशैलम गौड़ के साथ मारपीट की। यह स्पष्ट रूप से बीआरएस नेता की हताशा और अहंकार को दर्शाता है।'

केंद्रीय मंत्री ने बीआरएस को सुनाई खरी-खोटी

भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने आरोप लगाया कि हैदराबाद के कुथबुल्लापुर से बीआरएस विधायक के पी विवेकानंद ने कुना निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार श्रीशैलम गौड़ पर हमला किया क्योंकि वह उनके द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब नहीं दे पा रहे थे। रेड्डी ने एक बयान में कहा कि विवेकानंद द्वारा गौड़ पर हमला करना कायरतापूर्ण कृत्य है। उन्होंने कहा कि पुलिस को बीआरएस विधायक के खिलाफ मामला दर्ज करना चाहिए, नहीं तो भाजपा कानूनी लड़ाई लड़ेगी।

बीआरएस विधायक के पिता के बारे में की थी टिप्पणी

संपर्क करने पर, बीआरएस प्रवक्ता श्रवण दासोजू ने आरोप लगाया कि गौड़ ने बीआरएस विधायक के पिता का संदर्भ दिया। उन्होंने कहा कि हालांकि दोनों को बहस के दौरान शालीनता और मर्यादा बनाए रखनी चाहिए थी। फिलहाल मारपीट का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अब देखना होगा कि चुनावी जंग में इस हाथापाई का कितना और क्या असर पड़ता है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article