इलेक्शन

Bihar Election: Y-प्लस सिक्योरिटी मिलने के बाद आया तेज प्रताप का बयान, बोले- मुझे जान का खतरा है

बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिलने के बाद जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेजप्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि उनकी जान को खतरा है। महुआ सीट से चुनाव लड़ रहे तेजप्रताप ने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी की लहर है और सभी उम्मीदवार जीत रहे हैं।

Image

वाई कैटेगरी की सुरक्षा मिलने के बाद आया पहला रिएक्शन (फाइल फोटो : PTI)

Photo : PTI

Tej Pratap on Y Plus Security: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे तेजप्रताप यादव ने सुरक्षा बढ़ाए जाने पर कहा कि मेरी जान को खतरा है, मेरी हत्या भी कराई जा सकती है। दुश्मन मेरे पीछे लगे हैं।

बता दें, कि तेजप्रताप यादव को वाई प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। यह सुरक्षा उस वक्त बढ़ाई गई है, जब बिहार में दूसरे चरण के लिए 122 सीटों पर 11 नवंबर को मतदान होना है। रविवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन तेजप्रताप यादव ने बताया कि वे पार्टी के उम्मीदवारों के लिए चुनावी अभियान को तेज करने के लिए कई विधानसभाओं में जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि वे जनशक्ति जनता दल के सभी उम्मीदवार चुनाव जीत रहे हैं और उनकी पार्टी की लहर चल रही है।

महागठबंधन की ओर से सीएम पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए तेजप्रताप यादव ने कहा कि तेजस्वी को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। उनके उज्ज्वल भविष्य, उन्नति और आशीर्वाद की कामना करता हूं।

इस विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव एक दूसरे पर हमलावर रहे हैं। महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे तेजप्रताप यादव के खिलाफ तेजस्वी ने राजद से अपने उम्मीदवार को उतारा और लगातार चुनावी सभाएं की। इसके जवाब में तेजप्रताप भी राघोपुर विधानसभा चुनाव में लगातार अपनी पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार किया।

चुनाव के दौरान तेजप्रताप ने अपने छोटे भाई को कई बार बच्चा कहकर तंज कसा। कहा कि वे अभी बच्चे हैं, उन्हें मालूम नहीं, चुनाव के बाद उन्हें झुनझुना थमा देंगे।

बताते चलें कि 25 मई को RJD ने तेज प्रताप को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। यह कार्रवाई उस सोशल मीडिया विवाद के बाद हुई थी जिसमें उन्होंने कथित तौर पर किसी महिला के साथ रिश्ते का जिक्र किया था। बाद में उन्होंने दावा किया कि उनका अकाउंट हैक हुआ था। लालू प्रसाद ने भी उनकी “गैर-जिम्मेदाराना हरकतों” को लेकर सार्वजनिक नाराजगी जताई थी। इसके बाद से तेज प्रताप कई बार यह आरोप लगा चुके हैं कि परिवार और राजनीति में षड्यंत्र कर उन्हें अलग-थलग किया जा रहा है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में “जयचंद” शब्द का इस्तेमाल करते हुए इशारा किया था कि उनके आसपास 'विश्वासघाती' लोग हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article