इलेक्शन

SP News:यूपी में लोकसभा नतीजों से गदगद शिवपाल यादव का दावा- 'अगर आज चुनाव हुआ तो यूपी में बनेगी सपा की सरकार'

up lok sabha election result 2024: बहुजन समाज पार्टी के साथ चुनाव नहीं लड़ने और बसपा सुप्रीमो के मुस्लिम प्रत्याशियों को लेकर दिए गए बयान पर उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में जनता जान चुकी थी कि वह भाजपा से मिली हुई है, इसलिए जनता ने भाजपा के साथ-साथ बसपा को भी सबक सिखाया है।

Image

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव

up lok sabha election result 2024: लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में बेहतर परफॉर्मेंस की है। इस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सपा ने सभी जाति और धर्म के वोट हासिल किए।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरे समाज को साथ लेकर चल रही है। सपा की इस जीत के बाद योगी सरकार को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए और चुनाव कराने चाहिए। आज की तारीख में अगर चुनाव हो जाते हैं तो उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी को एक ऐतिहासिक जीत मिलेगी और समाजवादी पार्टी की सरकार बन जाएगी।

अयोध्या के साथ-साथ आसपास की सीटों पर भी समाजवादी पार्टी और गठबंधन की जीत पर उन्होंने कहा कि हम सब राम को मानने वाले हैं और हम सब के कण-कण में राम हैं। राम को मानने वाले सेक्युलर प्रत्याशी की भी इस बार अयोध्या से जीत हुई है तो इससे बड़ी बात क्या हो सकती है।

अयोध्या राम मंदिर में भगवान राम की पूजा-अर्चना करने जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम सब हमेशा से राम को मानते रहे हैं, उनकी पूजा करते रहे हैं और करते रहेंगे। राजा भैया ने इस बार किसी को समर्थन नहीं देने की बात कही है। इस पर उन्होंने कहा कि उनका सिर्फ एक ही सीट पर प्रभाव रहता है, वहां भी हम जीते और आसपास की सीट भी समाजवादी पार्टी जीती है।

मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि इस चुनाव में उन्होंने नेताजी को बहुत मिस किया। समाजवादी सोच हर किसी के मन में बसी हुई है। प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी किसे दी जाएगी, इस पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी तय करेगी और जल्द ही इस पर भी निर्णय हो जाएगा।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article