इलेक्शन

Rajasthan Election: सीएम अशोक गहलोत परिवार सहित पहुंचे सरदारपुरा के पुश्तैनी घर, पुरानी यादें की ताजा

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 25, 2023, 10:58 AM IST

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा किया कि राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी राज्य में फिर से सरकार बनाएगी।

Image

सरदारपुरा पहुंचे अशोक गहलोत

Photo : ANI

Rajasthan Election 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। सीएम अशोक गहलोत भी मतदान करने अपने गृहनगर सरदारपुरा पहुंचे। इस दौरान सीएम गहलोत अपने परिवार सहित सरदारपुरा में अपने पुश्तैनी घर पहुंचे। सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्र पर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का स्वागत किया।

सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर नहीं, फिर सरकार बनाएंगे: गहलोत

वहीं, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा किया कि राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी राज्य में फिर से सरकार बनाएगी। गहलोत ने जोधपुर में कहा कि कांग्रेस का चुनाव प्रचार अभियान विकास के मुद्दों पर केंद्रित है, जबकि प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों तथा उसके अन्य नेताओं ने अपने प्रचार में भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया। भाजपा नेताओं के चुनावी भाषणों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि जनता समझ चुकी है। ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस सरकार फिर से सत्ता में आएगी।

भाजपा द्वारा लाल डायरी और अन्य मुद्दों पर केवल अशोक गहलोत को ही निशाना बनाए जाने के सवाल पर, उन्होंने कहा कि भाजपा नेता इस बात से परेशान हैं कि वे खरीद-फरोख्त के तमाम प्रयासों के बावजूद राज्य की चुनी हुई सरकार नहीं गिरा सके। एक बर्खास्त मंत्री ने दावा किया था कि लाल डायरी में मुख्यमंत्री और कई नेताओं के अवैध वित्तीय लेनदेन दर्ज हैं। गहलोत ने कहा कि भाजपा नेताओं ने जिस भाषा का इस्तेमाल किया वह अस्वीकार्य है।

वैभव गहलोत बोले, बनेगी कांग्रेस की सरकार

वहीं, कांग्रेस नेता और राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत भी सरदारपुरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा, मुझे विश्वास है कि कांग्रेस को राज्य में बहुमत मिलेगा। भाजपा घबराई हुई है क्योंकि वे जानते हैं कि वे राज्य में हार जाएंगे।

राजस्थान में सुबह नौ बजे तक 9.77 प्रतिशत मतदान

राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को पहले दो घंटे में सुबह नौ बजे तक 9.77 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया, 'राज्य में सुबह नौ बजे तक मतदान प्रतिशत 9.77 रहा। जयपुर जिले के कोटपूतली विधानसभा क्षेत्र में 12.04 प्रतिशत मतदान हुआ जो जिले के 19 निर्वाचन क्षेत्रों में सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है। सुबह नौ बजे तक शाहपुरा में 11.78 प्रतिशत, झोटवाड़ा में 11.28 प्रतिशत, चाकसू में 11.07 प्रतिशत और विराट नगर में 11.04 प्रतिशत (सभी जयपुर में) मतदान हुआ।

एक आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक सुबह नौ बजे तक जयपुर जिले में सबसे कम मतदान बगरू में हुआ, जहां 7.86 प्रतिशत वोट पड़े। राज्य की 200 विधानसभा सीट में से 199 पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। करणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया है। मतदान शाम छह बजे तक होगा।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article