Gujarat Election: गुजरात विधानसभा चुनाव से अभी तक दूरी बनाए रखने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब राज्य में एंट्री के लिए तैयार दिख रहे हैं। राहुल गांधी सूरत और राजकोट में दो रैलियों को संबोधित करेंगे। पार्टी की ओर से यह जानकारी दी गई है। पिछले चुनाव में राहुल गांधी ने ही कांग्रेस के प्रचार की कमान संभाली थी, तब बीजेपी को कांग्रेस ने जबरदस्त टक्कर दी थी।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी 21 नवंबर को गुजरात विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। एआईसीसी के महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा- "राहुल गांधी 21 नवंबर को सूरत और राजकोट में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे, तब भारत जोड़ो यात्रा का विश्राम होगा।"
राहुल गांधी ढाई महीने बाद गुजरात का दौरा करेंगे। 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत करने के बाद यह उनकी पहली गुजरात यात्रा होगी। इससे पहले उन्होंने 5 सितंबर को अहमदाबाद में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की एक रैली को संबोधित किया था।
बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने के बाद राहुल गांधी इस तरह के कार्यक्रम से दूर ही रहे हैं। वो हिमाचल विधानसभा चुनाव के दौरान भी राज्य में कांग्रेस का प्रचार करने के लिए नहीं उतरे थे। जिसके लिए भाजपा उनपर हमला भी बोलती रही है।
कांग्रेस, गुजरात में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने की कोशिश कर रही है। भाजपा पिछले 27 वर्षों से लगातार गुजरात में सत्ता में है। गुजरात में पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बीजेपी को अच्छी चुनौती दी थी, तब कांग्रेस को 77 और बीजेपी को 99 सीटें मिली थीं। उस समय प्रचार का नेतृत्व राहुल गांधी ने खुद किया था।
