इलेक्शन

'टाइगर अभी जिंदा है!' बिहार चुनाव नतीजों से एक दिन पहले जद-यू मुख्यालय पर लगा नीतीश का पोस्टर, CM पद पर दावेदारी

चुनाव परिणाम को लेकर एनडीए खेमे में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। भाजपा नेताओं ने पहले से ही 'विजय दिवस' के अवसर पर मिठाइयों के बड़े ऑर्डर दे दिए हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा, 'लोगों ने विकास के लिए वोट दिया है, जो केवल नरेन्द्र मोदी और नीतीश कुमार के संयुक्त नेतृत्व में संभव है।

Image

बिहार में इस बार दो चरणों में हुआ विधानसभा चुनाव।

Photo : ANI

Bihar Assembly Election 2025: बिहार में विधानसभा की 243 सीटों के चुनाव नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। हालांकि, दूसरे चरण के मतदान के बाद आए एग्जिट पोल्स के अनुमानों को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) उत्साहित है और अपनी बड़ी जीत का दावा कर रहा है, तो महागठबंधन का कहना है कि चुनाव रिजल्ट वाले दिन एग्जिट पोल्स के अनुमान गलत साबित होंगे और इस बार उसकी सरकार बनेगी। बहरहाल, इन दावों के बीच पटना स्थित जद-यू मुख्यालय के बाहर गुरुवार को एक पोस्टर नजर आया। इस पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर के साथ लिखा है कि 'टाईगर अभी जिंदा है।'

जद-यू के रणजीत सिन्हा की ओर से तैयार कराए गए इस पोस्टर में नीतीश कुमार को 'दलित, महादलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा, सवर्ण और अल्पसंख्यक' का संरक्षक बताया गया है। इस पोस्टर को सीएम पद के लिए नीतीश कुमार की दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, चुनाव प्रचार के दौरान गृ मंत्री अमित शाह ने एक टेलिविजन कार्यक्रम में कहा कि चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जा रहा है लेकिन इस सवाल पर कि चुनाव बाद नीतीश दोबारा सीएम बनेंगे कि नहीं, इस सवाल पर शाह ने कहा कि इस पर फैसला चुनाव नतीजे आने के बाद विधायक दल की बैठक में होगा।

सीएम चेहरा नहीं बनाए जाने पर राजद ने कसा तंज

हालांकि, बाद में भाजपा के नेता कहने लगे कि सीएम नीतीश कुमार ही बनेंगे। महागठबंधन खासकर राजद ने यह बार-बार कहा है कि भाजपा ने नीतीश कुमार को सीएम पद का चेहरा नहीं बनाया। तेजस्वी ने भाजपा पर नीतीश के चेहरे का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

भाजपा नेताओं ने दिए मिठाइयों के बड़े ऑर्डर

चुनाव परिणाम को लेकर एनडीए खेमे में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। भाजपा नेताओं ने पहले से ही 'विजय दिवस' के अवसर पर मिठाइयों के बड़े ऑर्डर दे दिए हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा, 'लोगों ने विकास के लिए वोट दिया है, जो केवल नरेन्द्र मोदी और नीतीश कुमार के संयुक्त नेतृत्व में संभव है। एग्जिट पोल जनता की भावना को दर्शाते हैं, हालांकि हमें विश्वास है कि वास्तविक जीत का अंतर इससे भी बड़ा होगा।'

तेजस्वी बोले-गलत साबित होंगे एग्जिट पोल

जद(यू) के वरिष्ठ नेता और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राजग को स्पष्ट बहुमत मिलेगा और जद(यू) एक बार फिर 'राज्य की नंबर एक पार्टी' के रूप में उभरेगी। उन्होंने कहा, 'हम 65–70 से कम सीटें नहीं जीतेंगे। एग्जिट पोल पर भरोसा नहीं करता, लेकिन राजग 130–135 सीटों के साथ आरामदायक बहुमत में रहेगा।' वहीं, राजद नेता और विपक्षी गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने इन सभी भविष्यवाणियों को खारिज किया और कहा कि 'जैसे अतीत में मीडिया ने ऑपरेशन सिंदूर के संबंध में बढ़ा चढ़ा कर खबरें दी थीं या अभिनेता धर्मेंद्र की ‘मृत्यु’ जैसी गलत खबर दी थी वैसे ही इस बार भी एग्जिट पोल गलत साबित होंगे।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article