इलेक्शन

लोकसभा चुनाव का तीसरा चरण वोटिंग टुडे : डिंपल यादव, अमित शाह और सिंधिया समेत इन दिग्गजों का होगा मुकाबला, वोटिंग आज

Lok Sabha Election Third Phase Voting: तीसरे चरण में 1300 से ज्यादा उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिसमें करीब 120 महिला प्रत्याशी हैं। इस चरण में सबसे ज्यादा गुजरात की 25 सीटों पर मतदान होना है। इसके अलावा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, असम, पश्चिम बंगाल और गोवा की सीटों पर भी मतदान होगा।

Image

तीसरे चरण के लिए मतदान कल

Photo : Times Now Digital

Lok Sabha Election Third Phase Voting: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए 7 मई को मतदान । इस चरण का चुनाव प्रचार रविवार शाम से थम गया है। अब मंगलवार को देश की 93 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। तीसरे फेज में कई ऐसी सीट हैं, जिन पर सभी की नजर हरने वाली है। दरअसल, इस चरण में डिंपल यादव, गृह मंत्री अमित शाह, सुप्रिया सुले, मनसुख मांडविया, ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे राजनीति के दिग्गज मैदान में हैं। अब देखना यह होगा कि 7 मई को मतदाता इन दिग्गजों की किस्मत पर क्या फैसला देते हैं।

चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, तीसरे चरण में 1300 से ज्यादा उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिसमें करीब 120 महिला प्रत्याशी हैं। इस चरण में सबसे ज्यादा गुजरात की 25 सीटों पर मतदान होना है। इसके अलावा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, असम, पश्चिम बंगाल और गोवा की सीटों पर भी मतदान होगा।

किस राज्य में किन सीटों पर मतदान

उत्तर प्रदेश: संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली।

मध्य प्रदेश: मुरैना, भिंड (एससी), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ और बैतूल (एसटी)।

छत्तीसगढ़: रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा (एससी), कोरबा, सरगुजा (एसटी) और रायगढ़ (एसटी)।

गोवा: दक्षिणी गोवा और उत्तर गोवा

महाराष्ट्र: बारामती, रायगढ़, उस्मानाबाद, लातूर, सोलापुर, माधा, सांगली, सतारा, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर और हटकनंगले।

पश्चिम बंगाल: मालदा उत्तर, मालदा दक्षिण, जंगीपुर और मुर्शिदाबाद।

कर्नाटक: बेलगाम (बेलगावी), उत्तर कन्नड़, चिक्कोडी, बगलकोट (बगलकोट), बीदर, हावेरी, धारवाड़, कोप्पल, बेलारी (बल्लारी), रायचूर, बीजापुर (विजयपुरा), दावणगेरे और शिमोगा व गुलबर्गा (कलबुर्गी)।

बिहार: अररिया, सुपौल, झंझारपुर, मधेपुरा और खगड़िया।

असम: धुबरी, बारपेटा, कोकराझार (एसटी) और गुवाहाटी।

इन दिग्गजों की किस्मत का होगा फैसला

उत्तर प्रदेश

सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव मैनपुरी लोकसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखने के लिये प्रयास कर रही हैं, जिसे उन्होंने अपने ससुर और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए उपचुनाव में जीता था। सपा के मुख्य राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव फिरोजाबाद सीट से फिर से मैदान में हैं। आदित्य यादव सपा का गढ़ मानी जाने बदायूं लोकसभा सीट से अपने चुनावी करियर की शुरुआत कर रहे हैं। तीसरे चरण के चुनाव में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता रहे कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह एटा से ‘हैट्रिक’ बनाने की उम्मीद कर रहे हैं। बरेली में मुख्य मुकाबला भाजपा के छत्रपाल सिंह गंगवार और सपा के प्रवीण सिंह ऐरन के बीच है। कांग्रेस ने फतेहपुर सीकरी से रामनाथ सिंह सिकरवार को मैदान में उतारा है, जबकि उसके सहयोगी दल समाजवादी पार्टी ने बाकी नौ संसदीय क्षेत्रों से अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

मध्य प्रदेश

भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगभग 17 वर्षों के बाद विदिशा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जिसका वे पूर्व में कई बार लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। शिवराज का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप भानु शर्मा से है। राजगढ़ सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री 77-वर्षीय दिग्विजय सिंह का मुकाबला दो बार के भाजपा सांसद रोडमल नागर से है। गुना सीट पर यादव समुदाय के वोट चुनावी पलड़ा झुका सकते हैं और यहां ज्योतिरादित्य सिंधिया का मुकाबला कांग्रेस के यादवेंद्र सिंह यादव से है।

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की हाई-प्रोफाइल रायपुर सीट पर भाजपा के प्रभावशाली राज्य मंत्री बृजमोहन अग्रवाल का मुकाबला कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय से होगा। कोरबा में भाजपा ने अपनी प्रभावशाली महिला नेता और पूर्व सांसद सरोज पांडे को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की पत्नी और कांग्रेस की मौजूदा सांसद ज्योत्सना महंत के खिलाफ मैदान में उतारा है। दुर्ग सीट पर कांग्रेस ने मौजूदा भाजपा सांसद विजय बघेल के खिलाफ राजेंद्र साहू को मैदान में उतारा है। बिलासपुर सीट पर कांग्रेस ने निवर्तमान विधायक देवेन्द्र यादव को भाजपा के पूर्व विधायक तोखन साहू के खिलाफ मैदान में उतारा है।

गुजरात

गुजरात के प्रमुख उम्मीदवारों में गांधीनगर सीट से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, पोरबंदर सीट से मनसुख मांडविया और राजकोट सीट से परषोत्तम रूपाला शामिल हैं। गुजरात में कांग्रेस ने चार मौजूदा और आठ पूर्व विधायकों को मैदान में उतारा है और वह आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। समझौते के तहत कांग्रेस को 24 सीट (सूरत सहित) मिलीं, जबकि आप को भावनगर और भरूच दी गई हैं।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र की 48 में से जिन 11 सीट पर चुनाव होगा, उनमें बारामती सीट भी शामिल है, जहां शराद पवार की बेटी सुप्रिया सुले का मुकाबला सुनेत्रा पवार (महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी) से है। महाराष्ट्र के प्रमुख उम्मीदवारों में कोल्हापुर सीट से कांग्रेस के साहू छत्रपति, सतारा सीट से भाजपा के उदयनराजे भोसले और रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट से केंद्रीय मंत्री नारायण राणे शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल

मुर्शिदाबाद में माकपा के वरिष्ठ नेता मोहम्मद सलीम, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के अबू ताहिर खान और भाजपा उम्मीदवार गौरी शंकर के बीच मुकाबला होगा। मालदा उत्तर सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी प्रसून बनर्जी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने मुस्ताक आलम को टिकट दिया है व भाजपा ने खगेन मुर्मू को अपना उम्मीदवार बनाया है।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article