इलेक्शन

Karnataka Election 2023: कर्नाटक चुनाव के लिए वोटिंग आज, जानिए टाइमिंग से लेकर सीट तक की हर जानकारी

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated May 10, 2023, 12:04 AM IST

Karnataka Election 2023: कर्नाटक चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने 58,545 मतदान केंद्र बनाए हैं। राज्य में कुल 5,31,33,054 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। मतदाताओं में 2,67,28,053 पुरुष, 2,64,00,074 महिलाएं और 4,927 "अन्य" हैं। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को वोटिंग होगी। चुनाव आयोग की तैयारियां पूरी हो चुकी है।

Image

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान आज

Karnataka Election 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए आज यानि कि बुधवार को मतदान होगा। चुनाव आयोग ने मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं।कर्नाटक में चुनाव एक ही चरण में हो रहा है। मतगणना 13 मई को होगी। कर्नाटक ने 2018 में पिछले विधानसभा चुनाव में 72.36 प्रतिशत मतदान दर्ज किया था।

कितने मतदाता

कर्नाटक चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने 58,545 मतदान केंद्र बनाए हैं। राज्य में कुल 5,31,33,054 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। मतदाताओं में 2,67,28,053 पुरुष, 2,64,00,074 महिलाएं और 4,927 "अन्य" हैं। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कुल 2,615 उम्मीदवार मैदान में हैं। उम्मीदवारों में 2,430 पुरुष और 184 महिलाएं हैं।

वोटिंग का समय

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा और शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान को सुचारू रूप से चलाने के लिए चुनाव आयोग ने करीब चार लाख मतदान कर्मियों को लगाया है।

चुनाव आयोग की अपील

कर्नाटक विधानसभा में 224 सीटें हैं, जिनपर बुधवार को मतदान होना है। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले, मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकलें। कर्नाटक में 5.3 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। इनमें 11.71 लाख वे लोग हैं जो पहली बार मतदाता बने हैं। कर्नाटक में 5.71 लाख दिव्यांग, 80 साल या इससे अधिक उम्र के 12.15 लाख और 100 वर्ष की आयु के 16 हजार से ज्यादा मतदाता पंजीकृत हैं।

बड़ी सीटें

राज्य में कई ऐसी सीटें है, जिसपर सबकी निगाहें लगीं हुईं हैं। इन सीटों में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई (शिगाव), विपक्ष के नेता सिद्धारमैया (वरुणा), जद (एस) नेता एच डी कुमारस्वामी (चन्नापटना), प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार (कनकपुरा) शामिल है।

375 करोड़ से अधिक की जब्ती

निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को कहा कि कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से पहले प्रवर्तन एजेंसियों ने 375 करोड़ रुपये मूल्य से अधिक की शराब, मादक पदार्थ और अन्य वस्तुएं जब्त की हैं। जो राज्य में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान बरामद सामग्री के मूल्य से साढ़े चार गुना अधिक हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article